नई दिल्ली। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। देश के दूसरे सर्वोच्च संवैधानिक पद उपराष्ट्रपति के लिए चुनाव को लेकर चुनाव आयोग ने ऐलान कर दिया है। बता दें कि, जगदीप धनखड़ के हालिया इस्तीफे के बाद यह पद रिक्त हुआ है, और अब केंद्र में सत्तारूढ़ एनडीए और विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया‘ के बीच इस पद को लेकर जोरदार मुकाबला देखने को मिल सकता है।
अधिसूचना जारी, नामांकन प्रक्रिया शुरू
7 अगस्त को चुनाव आयोग द्वारा अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है, जो 21 अगस्त तक चलेगी। 22 अगस्त को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 25 अगस्त अंतिम तारीख है नाम वापसी की। इस प्रक्रिया के साथ ही राजनीतिक दलों ने जोड़-तोड़, बैठकों और समीकरण साधने की कवायद तेज़ कर दी है।
मतदान की तैयारियां
यदि उपराष्ट्रपति पद के लिए एक से अधिक उम्मीदवार मैदान में उतरते हैं, तो 9 सितंबर को मतदान कराया जाएगा। यह मतदान संसद भवन के कमरा नंबर एफ-101 (वसुधा) में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। मतदान के तुरंत बाद मतगणना की जाएगी और परिणाम 9 सितंबर की शाम तक घोषित किए जाने की संभावना है।
कौन बनेगा अगला उपराष्ट्रपति? एनडीए और ‘इंडिया‘ गठबंधन आमने-सामने, 9 सितम्बर को होगा मतदान

