बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में मनरेगा, गो आश्रय स्थल, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री आवास योजना, सांसद निधि एवं जीरो पॉवर्टी उत्तर प्रदेश अभियान सहित विभिन्न विकासपरक योजनाओं की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक में जानकारी दी गई कि मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) वर्ष 2025-26 के अंतर्गत प्राप्त 3018 लाभार्थियों में से 1067 का पंजीकरण पूर्ण किया जा चुका है, जबकि 1951 लाभार्थियों का पंजीकरण शेष है। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि ग्राम स्तर पर जाकर लाभार्थियों का घर-घर सर्वे कराते हुए पंजीकरण कार्य को समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि पंजीकरण की अद्यतन स्थिति, कुल प्रगति एवं संबंधित कर्मचारियों का विवरण प्रस्तुत किया जाए, जिससे योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता एवं तीव्रता सुनिश्चित हो।
गो आश्रय स्थलों की समीक्षा के दौरान उन्होंने निर्देशित किया कि सभी आश्रय स्थलों में चरही की पुताई, नियमित दवा छिड़काव एवं साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। मैदान में कहीं भी कीचड़ की स्थिति न रहे। रोपित पौधों की समुचित देखभाल की जाए तथा शेष बचे वृक्षारोपण कार्य को तत्काल पूरा किया जाए। खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे स्वयं मौके पर जाकर रंगाई-पुताई एवं सफाई व्यवस्था की निगरानी करें। साथ ही, पिछले एक माह में पकड़े गए 193 गोवंश की क्रॉस चेकिंग कराने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में उन्होंने खेल मैदान, मनरेगा पार्क, सीएलएफ, अन्नपूर्णा खाद्यान्न भवन, अमृत सरोवर एवं सामुदायिक बागवानी से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि निर्माणाधीन कार्यों की गति तेज कर उन्हें समय से पूर्ण किया जाए। भवन निर्माण कार्यों में विशेष रूप से रंगाई-पुताई हेतु आकर्षक व शोभनीय रंगों का प्रयोग सुनिश्चित किया जाए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा एवं ईमानदारी से करें, ताकि योजनाओं का लाभ समय पर आमजन तक पहुँच सके।
बैठक में जिला विकास अधिकारी नरेंद्र देव द्विवेदी, परियोजना निदेशक डीआरडीए राम औतार सिंह, उपायुक्त मनरेगा दिनेश यादव, उप निदेशक कृषि संतोष कुमार, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ अनिल कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी राजेंद्र प्रकाश सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
