‘नई दिल्ली। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 156वीं जयंती के अवसर पर आज पूरे देश में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। दिल्ली स्थित राजघाट पर सुबह 7ः30 बजे से सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन हुआ, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर बापू को याद करते हुए पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा कि गांधी जयंती प्रिय बापू के असाधारण जीवन को श्रद्धांजलि देने का दिन है। उनके आदर्शों ने मानव इतिहास की दिशा बदल दी और उन्होंने यह दिखाया कि साहस और सादगी महान परिवर्तन का आधार बन सकते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि गांधीजी सेवा और करुणा की शक्ति को लोगों को सशक्त बनाने का अनिवार्य साधन मानते थे और हम उनके बताए मार्ग पर चलते हुए विकसित भारत का निर्माण करेंगे।
पीएम मोदी ने दी श्रद्धांजलि
बापू को श्रद्धांजलि देने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विजय घाट पहुंचे और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उन्हें नमन किया। उन्होंने एक्स पर लिखा कि शास्त्री जी एक असाधारण नेता थे, जिनकी ईमानदारी, विनम्रता और दृढ़ संकल्प ने देश को चुनौतीपूर्ण समय में भी मजबूती प्रदान की। उनका नारा ‘जय जवान जय किसान’ आज भी देशवासियों में जोश और आत्मनिर्भरता की भावना भरता है।
इसी अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी देशवासियों को संबोधित किया। उन्होंने अपील की कि गांधीजी के आदर्शों का पालन करते हुए स्वच्छ, सक्षम और समृद्ध भारत बनाने का संकल्प लिया जाए। राष्ट्रपति ने कहा कि महात्मा गांधी ने अपना जीवन अस्पृश्यता, अशिक्षा और नशाखोरी जैसी सामाजिक बुराइयों को मिटाने में समर्पित किया। गांधी जयंती पर देशभर में स्वच्छता अभियान, प्रार्थना सभाएं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। यह दिन हमें गांधीजी की सादगी, सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा देता है।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को पीएम मोदी ने दी श्रद्धांजलि

