कन्नौज : जिला जेल से भाग निकले दो विचाराधीन बन्दी, जेलर समेत चार निलम्बित

कारागार अधीक्षक समेत सभी की जांच करेंगे डीआईजी जेल कानपुर

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) जिला जेल की करीब 22 फीट ऊंची दीवार फांदकर 2 कैदी फरार हो गए। रविवार रात जेल में न्यू ईयर की पार्टी रखी गई थी ! अफसर-कर्मचारी और उनका परिवार पार्टी / डांस में मशगूल था।    

पार्टी का फायदा उठाकर कैदियों ने कंबलों को आपस में जोड़ा और दीवार को फांदकर भाग निकले। रात में जेल के सभी कैदियों को बैरक भेजा गया, लेकिन गिनती नहीं हुई थी। सोमवार सुबह 11 बजे जब सभी कैदी निकाले गए तो गिनती में दो कैदी कम निकले। 

पहले जेल प्रशासन इसे छिपाने की कोशिश करता रहा और खोजबीन जारी रखी लेकिन डीएम को इस बात की भनक लग गई। वे समाधान दिवस छोड़कर जिला जेल पहुंचे। तब जेल प्रशासन ने उनके सामने सच्चाई कबूली।

डीएम ने शासन को रिपोर्ट दी है। शासन ने बैरक प्रभारी शिवेंद्र सिंह यादव, हेड जेल वार्डर शिवचरण, डिप्टी जेलर बद्री प्रसाद, जेलर विनय प्रताप सिंह को सस्पेंड कर दिया है। जेल अधीक्षक के खिलाफ जांच के आदेश दिए गए हैं। कानपुर रेंज के डीआईजी जेल को जांच अधिकारी बनाया गया है।   

जिला मुख्यालय से करीब 25 किमी दूर अनौगी गांव के पास जिला जेल है। जेल से भागने वाले कैदी अंकित और डिम्पी उर्फ शिवा शातिर अपराधी हैं। दोनों कन्नौज के रहने वाले हैं। अंकित पुत्र प्रेम चंद्र का घर तालग्राम  में है, उसे 10 जून, 2025 को चोरी और अवैध असलहे के साथ पकड़ा गया था। उस पर पुलिस ने 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया था। दूसरा कैदी डिम्पी उर्फ शिवा मलगवां थाना क्षेत्र ठठिया का रहने वाला था। उसने एक नाबालिग लड़की के साथ रेप किया था। वह 20 दिसंबर, 2025 को पॉक्सो एक्ट में जेल भेजा गया था। दोनों विचाराधीन बंदी है।