चुनाव आयोग नागरिकों को गुमराह कर रहा : राहुल गांधी
विपक्षी पार्टियों के निशाने पर चुनाव आयोग : वोट चोरी राष्ट्र-विरोधी काम : राहुल गांधी
‘नई दिल्ली। (आवाज न्यूज ब्यूरो) महाराष्ट्र में निकाय चुनाव के परिणाम आने प्रारंभ हो गए हैं। इसमें भाजपा गठबंधन को बढ़त मिल रही है जबकि शिवसेना यूबीटी व कांग्रेस पिछड़े रहें है। अब इकसको लेकर सियासी बखेड़ा मच गया है। कांग्रेस सांसद व नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी व शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला है। दोनों नेताओं ने आयोग पर धांधली का आरोप लगाया है।
शुक्रवार को मुंबई नगर निगम (बीएमसी) चुनावों के संचालन पर गंभीर आरोप लगाते हुए मतदाता सूचियों में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) की खराबी और आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का दावा किया।
परिणाम दिवस पर संबोधित करते हुए राउत ने कहा कि मुंबई में जो मतदान पैटर्न देखने को मिल रहा है वह एक गंभीर मामला है। उन्होंने आरोप लगाया कि उन क्षेत्रों में हजारों मतदाताओं के नाम मतदाता सूचियों से गायब हैं जहां शिवसेना (यूबीटी), महाराष्ट्र नवीन निर्माण सेना (एमएनएस) और कांग्रेस को पारंपरिक रूप से मजबूत समर्थन प्राप्त है।
विधानसभा चुनावों में मतदान करने वालों के नाम भी मतदाता सूची से गायब : संजय राउत
संजय राउत ने आरोप लगाया कि हजारों लोगों के नाम, जिन्होंने विधानसभा चुनावों में भी मतदान किया है, मतदाता सूची से गायब हैं। यह विशेष रूप से उन क्षेत्रों में हो रहा है जहां शिवसेना (यूबीटी), एमएनएस या कांग्रेस के वोट अधिक हैं। राउत ने यह भी दावा किया कि कई मतदान केंद्रों पर ईवीएम में खराबी आ रही थी। उन्होंने कहा कि जहां एनसीपी के लिए वोट बटन दबाया गया, वहां भाजपा के लिए लाइट जल गई। शिवसेना (यूबीटी) के मशाल चिन्ह और एमएनएस के इंजन चिन्ह के साथ भी ऐसा ही हुआ। उन्होंने आगे कहा कि चुनाव आयोग को बार-बार शिकायतें करने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई।
भाजपा नेताओं और नगर आयुक्त की बैठक आचार सहिंता का उल्लंघन
वरिष्ठ भाजपा नेताओं और मुंबई नगर आयुक्त भूषण गगरानी के बीच हुई बैठक पर सवाल उठाते हुए राउत ने आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाया। उन्होंने पूछा, कल शाम करीब 6 बजे वरिष्ठ भाजपा नेताओं और मुंबई नगर आयुक्त के बीच बैठक हुई। ऐसा क्यों? आचार संहिता अभी भी लागू है। आप आयुक्त के साथ डेढ़ घंटे बैठे और क्या तय किया? क्या आपने आज के नतीजे पहले ही तय कर लिए? राउत ने एग्जिट पोल के समय को लेकर भी चिंता जताई और दावा किया कि आधिकारिक मतदान प्रतिशत घोषित होने से पहले ही उन्हें जारी कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि मतदान प्रतिशत घोषित होने से पहले ही एग्जिट पोल के नतीजे आ गए। ये क्या हो रहा है? कुछ जगहों पर मतदान जारी रहने के दौरान ही एग्जिट पोल आ गए, लेकिन भाजपा से जुड़े मीडिया संस्थानों ने इन्हें एक-एक करके जारी करना शुरू कर दिया। भाजपा नेता अपनी जीत का जश्न मनाने लगे। ये किस तरह का लोकतंत्र है?
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को चुनाव आयोग पर तीखा प्रहार करते हुए आरोप लगाया कि देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं से जनता का भरोसा खत्म होता जा रहा है। उन्होंने चुनाव आयोग पर निशाना साधा और भारत की लोकतांत्रिक प्रक्रिया में जनता के भरोसे में कमी को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनके इन बयानों ने ऐसे समय में एक गरमागरम राजनीतिक बहस छेड़ दी है, जब भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाला महायुति गठबंधन प्रमुख नगर निकायों में प्रभावशाली बढ़त दिखा रहा है। श्री गांधी ने कहा, चुनाव आयोग द्वारा नागरिकों को गुमराह करना ही हमारे लोकतंत्र में भरोसे के खत्म होने का कारण है। वोट चोरी एक राष्ट्र-विरोधी काम है।
महाराष्ट्र में निकाय चुनाव परिणाम : नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत विपक्षी नेताओं ने उठाए गभीर सवाल

