संविदा बिजली कर्मचारी की मौत पर अधिशासी अभियंता सहित चार निलंबित

लखनऊ।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। लखनऊ के इंदिरानगर सेक्टर 25 पावर हाउस के संविदा लाइनमैन परशुराम की करंट से हुई मौत के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। मध्यांचल विद्युत वितरण निगम की एमडी रिया केजरीवाल ने लापरवाही के लिए अधिशासी अभिंयता समेत चार लोगों का निलंबन किया है। अधिशासी अभियंता, उपखंड अधिकारी बरेली के प्रथम जोन में संबद्ध किए गए हैं।
एमडी ने अधिशासी अभियंता प्रीतम सिंह, उपखंड अधिकारी अमितेश सिंह, अवर अभियंता धर्मेंद्र कुमार, तकनीकी कर्मचारी धीरज कुमार को निलंबित करते हुए कहा कि संविदा कर्मचारी की मौत की घटना सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण हुई है। उन्होंने कहा कि संविदा लाइनमैन बिना सुरक्षा बेल्ट के सीढ़ी पर रात को उनकी गैर मौजूदगी में काम करने भेजा गया था। 28 फरवरी को प्रीतम सिंह व अमितेश का निलंबन आदेश मध्यांचल निगम और अवर अभियंता व तकनीकी कर्मचारी का गोमती नगर जोन के मुख्य अभियंता सुशील गर्ग ने जारी किया है। इस पूरे प्रकरण की जांच के लिए एक कमेटी का भी गठन किया गया है। साथ ही, विद्युत सुरक्षा निदेशालय से भी जांच कराई जाएगी। उधर, अधीक्षण अभियंता नवीन चंद प्रसाद ने अवर अभियंता जयेंद्र कुमार को अतिरिक्त रूप से धमेंद्र कुमार के काम की भी जिम्मेदारी सौंपी है।
यह थी घटना : कल्याणपुर के जगरानी अस्पताल के पास शुक्रवार आधी रात के बाद 1ः30 बजे परशुराम लाइनमैन को तीन अन्य कर्मियों के साथ 33 हजार वोल्ट लाइन के जंपर का फ्यूज उड़ने पर उसे बांधने भेजा गया था। 33 केवी लाइन पर काम करने का जो जिम्मा तकनीकी कर्मचारी का था मगर उसने संविदा लाइनमैन को बिना सुरक्षा बेल्ट के सीढ़ी पर चढ़ा दिया। लाइन के जंपर को छूते ही परशुराम को करंट का झटका लगा और वह नीचे सिर के बल गिरा जिससे मौके पर ही मौत हो गई।