ट्रंप के हाथ में है नरेन्द्र मोदी का ‘रिमोट कंट्रोल’: राहुल गांधी

लखनऊ।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए दावा किया कि मोदी का ‘रिमोट कंट्रोल’ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पास है। रायबरेली और अमेठी के अपने दो दिवसीय दौरे के पहले दिन गांधी ने प्रधानमंत्री पर तंज करते हुए कहा कि मोदी देश के किसानों, मजदूरों और छोटे व्यापारियों से इलेक्ट्रिक गाड़ियां खरीदने को कहते हैं जबकि लोगों को नौकरी और खाना तक भी नहीं मिल पा रहा है।
रायबरेली से कांग्रेस सांसद गांधी ने कहा, मुझे नहीं पता कि प्रधानमंत्री क्या सपने देख रहे हैं और देशवासियों से इलेक्ट्रिक गाड़ियां खरीदने के लिए क्यों कह रहे हैं। लोगों को घर पर खाना बनाने के लिए रसोई गैस भी नहीं मिल पा रही है और प्रधानमंत्री कह रहे हैं कि विदेश मत जाओ, सोना मत खरीदो, इलेक्ट्रिक कारें खरीदो। मुझे बिल्कुल समझ नहीं आ रहा कि यह आदमी किस दुनिया में जी रहा है। रायबरेली ज़िले के हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्र के खिरोन में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के दौरान राहुल ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, खैर, उनका रिमोट कंट्रोल अमेरिका के हाथों में है। उन्होंने कहा, आपने डोनाल्ड ट्रंप का भाषण जरूर सुना होगा। वह कहते हैं कि मैं दो मिनट में उनका (मोदी का) राजनीतिक करियर खत्म कर सकता हूं। इस बीच, एपस्टीन फाइल्स बंद ही रहती हैं। नरेन्द्र मोदी 24 घंटे विदेश दौरे पर रहते हैं। वह कभी खुद को अमेरिका से बचाने की कोशिश करते हैं तो कभी नॉर्वे का दौरा करते हैं। वह हाथ जोड़कर कहते हैं,कृपया मुझे माफ कर दो, एपस्टीन फाइल मत खोलो, अदाणी जी के खिलाफ एक मामला है, उसे बंद कर दो।