कन्नौज : 31 मई “विश्व तम्बाकू निषेध दिवस” पर जनपद में चलेगा विशेष जागरूकता अभियान

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। विश्व तम्बाकू निषेध दिवस (31 मई) के अवसर पर जनपद कन्नौज में तम्बाकू नियंत्रण एवं जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक व्यापक साप्ताहिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देशन तथा राष्ट्रीय तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम (एनटीसीपी) के अंतर्गत तैयार की गई कार्ययोजना के अनुसार दिनांक 29 मई से 03 जून 2026 तक जनपद के विभिन्न स्थानों पर जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

अभियान का शुभारंभ 29 मई को जिलाधिकारी कार्यालय से हस्ताक्षर अभियान एवं तम्बाकू निषेध शपथ ग्रहण कार्यक्रम के साथ होगा। इसके उपरांत 30 मई को 100 शैय्या चिकित्सालय छिबरामऊ एवं संयुक्त जिला चिकित्सालय कन्नौज में हस्ताक्षर अभियान तथा शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही जनपद के समस्त विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के मध्य चित्रकला, पेंटिंग एवं निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन कर तम्बाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

विश्व तम्बाकू निषेध दिवस के मुख्य आयोजन के अंतर्गत 31 मई को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से पैदल मार्च एवं जन-जागरूकता रैली निकाली जाएगी, जिसमें स्काउट, एनसीसी कैडेट्स एवं सिविल डिप्लोमा के छात्र-छात्राएं सहभागिता करेंगे। इसी दिन जनपद के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों एवं ब्लॉक स्तर पर भी हस्ताक्षर अभियान और शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रमों की श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए 02 जून को बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर सघन हस्ताक्षर अभियान तथा जन-जागरण कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। वहीं 03 जून को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में हस्ताक्षर अभियान, शपथ ग्रहण एवं तम्बाकू नियंत्रण विषयक विशेष संगोष्ठी (वर्कशॉप) का आयोजन किया जाएगा।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ स्वदेश गुप्ता ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे तम्बाकू एवं तम्बाकू उत्पादों के सेवन से दूर रहें तथा स्वस्थ, सुरक्षित एवं तम्बाकू मुक्त समाज के निर्माण में अपना सक्रिय योगदान दें। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी के माध्यम से ही तम्बाकू मुक्त कन्नौज के लक्ष्य को साकार किया जा सकता है।