वायरल हुआ राहुल गांधी को हिरासत में लेने का वीडियो, जमीन पर लेट मीडिया को दी बाइट; कहा: लोकतंत्र खत्म

नई दिल्ली।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। कांग्रेस पार्टी ने प्रधानमंत्री आवास के बाहर जमकर प्रदर्शन किया है। छात्रों के मुद्दे पर प्रदर्शन की अगुवाई राहुल गांधी ने की। इस बीच केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने उनसे मुलाकात की। मुलाकात के कुछ देर के बाद दिल्ली पुलिस ने मौके पर मौजूद सभी कांग्रेस सांसदों और नेताओं को हिरासत में ले लिया। इन सबके बीच एक ऐसा नजारा सामने आया जो मीडिया में चर्चा का विषय बन गया। दरअसल जब दिल्ली पुलिस के जवान राहुल गांधी को हिरासत में लेकर जाने लगे तो वो जमीन पर लेट गए और अपना विरोध जारी रखा। इतना ही नहीं उन्होंने मौके पर मौजूद मीडिया कर्मियों के सवालों का जवाब भी देते रहे। इस बीच उन्होंने कहा कि इस देश में लोकतंत्र खत्म हो गया। कांग्रेस का कहना है कि छात्रों के साथ हुई पुलिस कार्रवाई के लिए केंद्र सरकार जिम्मेदार है। सरकार को इस पूरे मामले पर जवाब देना होगा। प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने कई कांग्रेस सांसदों और नेताओं को हिरासत में लिया, जिसके बाद माहौल और गर्म हो गया। प्रदर्शन के बीच राहुल गांधी की पुलिस के साथ बहस होती भी दिखी।
राहुल के साथ कौन-कौन थे?
कांग्रेस नेताओं ने पहले राजाजी मार्ग से प्रधानमंत्री आवास की ओर पैदल मार्च निकाला। राहुल गांधी ने इस मार्च को लेकर ‘एक्स’ पर पोस्ट कर जानकारी दी। प्रदर्शन में मल्लिकार्जुन खरगे, प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल और पवन खेड़ा समेत कई नेता शामिल थे।
गृह मंत्री संसद में दे बयान
कांग्रेस ने केंद्रीय मंत्री के दावों से अलग अपना पक्ष रखा है। कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने कहा कि विपक्ष की स्पष्ट मांग है कि गृह मंत्री संसद में इस पूरे मामले पर बयान दें और विस्तृत चर्चा कराई जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतंत्र और संविधान की अनदेखी हो रही है और छात्रों के साथ अन्याय किया जा रहा है। जयराम रमेश ने यह भी कहा कि कांग्रेस पिछले 45 दिनों से केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रही है। उनके अनुसार, यह मांग नई नहीं है बल्कि पहले से लगातार उठाई जा रही है।