सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव का बडा ऐलान : सरकार बनी तो 3 महीने में खोले जाएंगे बंद पडे 26000 प्राइमरी स्कूल

‘‘अखिलेश यादव ने प्राइमरी स्कूलों को लेकर भाजपा सरकार को घेरा’’
लखनऊ।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)।  सपा सुप्रीमो एंव उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने राज्य सरकार पर हमला बोला है। एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने महंगाई, स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाली, रक्षाबंधन पर फ्री बस सेवा के दावों और शिक्षा प्रणाली को लेकर सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हर चीज महंगी हो चुकी है और आम जनता का जीना मुहाल हो गया है। उन्होंने कहा कि सरकार जिन प्राइमरी स्कूलों को बंद करती जा रही है, उसे उनकी सरकार बनते ही शुरू कर दिया जाएगा।
उन्होंने राज्य सरकार के फ्री बस और एम्बुलेंस सेवाओं पर सवाल उठाए। अखिलेश यादव ने कहा कि रक्षाबंधन के मौके पर प्रदेश की माताएं और बहनें सुबह से इंतजार करती रहीं, लेकिन उन्हें कहीं भी फ्री बस सेवा का वास्तविक लाभ नहीं मिला। पूरे प्रदेश से ऐसी शिकायतें आईं कि महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा से वंचित रहना पड़ा। इसके अलावा उन्होंने आरोप लगाया कि गरीबों की जान बचाने के लिए सपा सरकार में शुरू की गई 108 और 102 एम्बुलेंस सेवाओं को वर्तमान सरकार ने पूरी तरह बर्बाद कर दिया है।
26000 प्राइमरी स्कूलों को शुरू करेंगे: अखिलेश यादव
उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार 26 हजार प्राइमरी स्कूल बंद कर रही है। अपने संबोधन में शिक्षा व्यवस्था पर बोलते हुए अखिलेश यादव ने सबसे बड़ा आरोप लगाया कि सरकार ने जानबूझकर प्रदेश के 26 हजार प्राइमरी स्कूलों को बंद करने का षड्यंत्र रच रही है। उन्होंने कहा कि इन सरकारी स्कूलों में मुख्य रूप से पिछड़े, दलित, आदिवासी और गरीब (पीडीए) समाज के बच्चे पढ़ते हैं। सरकार यह बिल्कुल नहीं चाहती कि वंचित समाज के बच्चे पढ़-लिखकर आगे बढ़ें।
सभी स्कूलों को चालू किया जाएगा
सपा प्रमुख ने बड़ा ऐलान करते हुए जनता को भरोसा दिलाया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनते ही बंद किए गए सभी 26 हजार प्राइमरी स्कूलों को फिर से पूरी क्षमता के साथ चालू किया जाएगा, ताकि गरीब और शोषित परिवारों के बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ न हो सके। अखिलेश यादव के इस आक्रामक तेवर ने राज्य की सियासत का पारा एक बार फिर बढ़ा दिया है।