एटा पहुंचे शिवपाल, बोले: 2027 में अखिलेश यादव के नेतृत्व में बनेगी सरकार

‘‘बीजेपी विपक्ष को खत्म करना चाह रही: हम संगठन के दम पर भाजपा सरकार हटाएंगे, रणनीति अभी नहीं खोलेंगे’’
लखनऊ।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। एटा में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव ने एटा दौरे पर भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने भाजपा सरकार को झूठी, अधर्मी और अत्याचारी बताते हुए प्रदेश में भ्रष्टाचार, जर्जर सड़कों और राजनीतिक मुद्दों को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि 2027 में अखिलेश यादव के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी।
शिवपाल यादव ने बताया कि वह सपा के पूर्व विधायक रामेश्वर यादव का हाल-चाल लेने एटा पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि रामेश्वर यादव की तबीयत खराब थी, लेकिन डॉक्टरों के प्रयास से अब उनकी हालत में सुधार है। वहीं दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव के नेतृत्व में सपा की सरकार बनेगी। इसके बाद वह एटा के अलीगंज क्षेत्र में पूर्व विधायक रामेश्वर सिंह यादव के आसपुर स्थित आवास पहुंचे। रामेश्वर सिंह यादव हाल ही में हैदराबाद से फेफड़ा प्रत्यारोपण कराकर लौटे हैं। शिवपाल ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
प्रदेश में विकास के दावों पर सवाल उठाते हुए शिवपाल ने कहा कि भाजपा नेता सुबह से शाम तक झूठ बोलते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की कई सड़कें और एक्सप्रेसवे खराब हालत में हैं। नई बनी सड़कों पर कुछ ही महीनों में बड़े-बड़े गड्ढे हो जाते हैं। उन्होंने इसे भ्रष्टाचार और लूट का परिणाम बताया। धार्मिक मुद्दे पर शिवपाल यादव ने भाजपा पर हमला बोलते हुए राम मंदिर निर्माण के नाम पर चंदे में गड़बड़ी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इससे बड़ा अधर्म और क्या हो सकता है। उन्होंने सरकार पर 10 साल में घरोनी योजना का काम पूरा नहीं करने का भी आरोप लगाया। सपा नेताओं के खिलाफ कार्रवाई को लेकर शिवपाल यादव ने भाजपा सरकार को अत्याचारी बताया। उन्होंने कहा कि मोहम्मद आजम खान और सपा कार्यकर्ताओं पर मुकदमे दर्ज कराए गए और उनके घर व स्कूल तक तोड़ दिए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लोगों को उजाड़ने का काम कर रही है।
राजनीति में फर्जी और डीपफेक एआई वीडियो को लेकर पूछे गए सवाल पर शिवपाल यादव ने कहा कि इसकी शुरुआत भाजपा की ओर से हुई थी। उन्होंने कहा कि जब एक पक्ष कार्रवाई करता है तो उसकी प्रतिक्रिया भी होती है। उनके मुताबिक भाजपा ने शुरुआत की, इसलिए उसे भी उसी तरह का जवाब मिला। सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर के बयानों पर शिवपाल ने कहा कि जब राजभर सपा के साथ थे, तब वह भाजपा और मुख्यमंत्री के बारे में क्या कहते थे, यह सभी जानते हैं और उनके बयान रिकॉर्ड में हैं। बसपा के 2027 के चुनाव में प्रभाव के सवाल पर भी शिवपाल ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में बसपा के मौजूदा विधायकों की संख्या ही उसकी राजनीतिक स्थिति बताने के लिए पर्याप्त है।
टिकट वितरण को लेकर शिवपाल ने कहा कि ब्राह्मणों और अन्य वर्गों को कितनी टिकटें दी जाएंगी, इसका फैसला पार्टी का राष्ट्रीय नेतृत्व उचित समय पर करेगा। उन्होंने कहा कि सपा का संगठन चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। कांग्रेस के साथ गठबंधन को मजबूत बताते हुए उन्होंने दावा किया कि 2027 में अखिलेश यादव के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी।