नई दिल्ली।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। दिल्ली की एक अदालत ने सोमवार को इन्फ़्लुएंसर स्वतंत्र भारद्वाज को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। दरअसल, मामला जुलाई में जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन के दौरान एक दलित छात्रा-कार्यकर्ता के पिता से कथित मारपीट से जुड़ा है। बार एंड बेंच के मुताबिक़, एडिशनल सेशन जज सौरभ प्रताप सिंह ललर ने वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग के ज़रिए अदालत में पेश किए गए भारद्वाज को न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया।
भारद्वाज को 5 सितंबर को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया गया था। उनके ख़िलाफ़ मारपीट के आरोपों के अलावा अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम (एससीध्एसटी एक्ट) और पॉक्सो अधिनियम के तहत भी मामले दर्ज किए गए हैं। स्वतंत्र भारद्वाज ने एक पॉडकास्ट में दावा किया था कि उन्होंने सीजेपी प्रदर्शन के दौरान छात्रा के पिता के साथ मारपीट की थी और पुलिस ने उन्हें केवल कुछ घंटों के लिए हिरासत में लिया था। उन्होंने बीजेपी नेता कपिल मिश्रा और सहयोगी दल के नेता चिराग पासवान से नज़दीकी होने का भी दावा किया था। हालांकि, चिराग पासवान ने भारद्वाज के दावे को ख़ारिज कर दिया था। उन्होंने भारद्वाज के ख़िलाफ़ उनके नाम के कथित दुरुपयोग को लेकर अलग से शिकायत भी दर्ज कराई थी।
इस बीच, कॉकरोच जनता पार्टी के नेताओं ने छात्रा और उसके पिता के साथ संसद मार्ग थाने के बाहर प्रदर्शन किया। इसके बाद भारद्वाज के ख़िलाफ़ अधिक गंभीर धाराएँ जोड़ी गईं और उन्हें गिरफ़्तार कर लिया गया।
दिल्ली की अदालत ने स्वतंत्र भारद्वाज को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा
