बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं में किसी भी स्तर पर शिथिलता, लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को लक्ष्य आधारित कार्यप्रणाली अपनाते हुए प्रत्येक पात्र लाभार्थी को समयबद्ध रूप से लाभ दिलाने के कड़े निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) की समीक्षा में बताया गया कि जनपद में 10,167 आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें 10,069 आवास पूर्ण हो चुके हैं तथा 98 आवास लंबित हैं। जिलाधिकारी ने शेष आवासों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराने के साथ ही लंबित प्रकरणों का प्रतिदिन अनुश्रवण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के अंतर्गत पोर्टल पर 16,132 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें 15,259 आवेदन सत्यापन हेतु निकायों को भेजे गए, जबकि 7,132 आवेदनों की जांच प्राप्त हो चुकी है तथा 2,110 आवास स्वीकृत किए गए हैं। जिलाधिकारी ने लंबित सत्यापन तत्काल पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने आवास योजना के सत्यापन कार्य में अपेक्षित प्रगति न होने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि जब तक आवासों का सत्यापन पूर्ण नहीं हो जाता, संबंधित आउटसोर्स कर्मियों का वेतन रोका जाए। उन्होंने कहा कि जिम्मेदारी निर्धारित कर लापरवाही करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
मुख्यमंत्री नगरीय अल्पविकसित एवं मलिन बस्ती विकास योजना के अंतर्गत वर्ष 2026-27 में 55 कार्यों के लिए 878.19 लाख रुपये के प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए हैं। जिलाधिकारी ने सभी कार्यों में गुणवत्ता एवं समयसीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने समस्त अधिशासी अधिकारियों एवं बैंक अधिकारियों को पात्र लाभार्थियों के ऋण प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करते हुए अधिकाधिक लाभार्थियों को ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने डूडा को पूरी सक्रियता, ठोस कार्ययोजना एवं निरंतर अनुश्रवण के साथ कार्य करने की हिदायत दी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वि०/रा० देवेन्द्र सिंह और पीओ डूडा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
