‘‘जिले के वरिष्ठ नेताओं की शिकायत के बाबजूद जिलाध्यक्ष पद पर काबिज रहेंगे चंद्रपाल सिंह यादव’’
‘‘प्रोफेसर रामगोपाल यादव के बेहद करीबी हैं जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव’’
लखनऊ। (आवाज न्यूज ब्यूरो) । फर्रुखाबाद में समाजवादी पार्टी की जिला और महानगर कार्यकारिणी भंग कर दी गई है। जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव को छोड़कर सभी फ्रंटल संगठनों की कार्यकारिणी भी तत्काल प्रभाव से निष्प्रभावी कर दी गई। राष्ट्रीय अध्यक्ष के निजी सचिव गंगाराम की ओर से शनिवार को जारी पत्र के बाद पार्टी में हलचल तेज हो गई है। फैसले से साफ है कि संगठन में बदलाव के बीच पार्टी नेतृत्व ने जिलाध्यक्ष पर अपना भरोसा कायम रखा है। जिले के वरिष्ठ नेताओं की शिकायत के बाबजूद चंद्रपाल सिंह यादव जिलाध्यक्ष पद पर काबिज रहेंगे। बताते हैं जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव प्रोफेसर रामगोपाल यादव के बेहद करीबी हैं।
सपा में चंद्रपाल सिंह यादव के जिलाध्यक्ष बनने के बाद से ही एक गुट की नाराजगी सामने आती रही है। बाद में महासचिव की जिम्मेदारी इलियास मंसूरी को दिए जाने के बाद बैठकों में कई बार गुटबाजी दिखाई दी। कुछ दिन पहले पार्टी कार्यालय में महासचिव इलियास मंसूरी के साथ हाथापाई भी हुई थी। संगठन के भीतर चल रहे विवाद की जानकारी प्रदेश और राष्ट्रीय नेतृत्व तक भी पहुंची थी। राष्ट्रीय अध्यक्ष के निजी सचिव गंगाराम की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि फर्रुखाबाद के जिलाध्यक्ष को छोड़कर जिला कार्यकारिणी, महानगर अध्यक्ष और महानगर कार्यकारिणी तत्काल प्रभाव से निष्प्रभावी मानी जाएंगी। इसके अलावा फ्रंटल संगठनों के सभी जिलाध्यक्ष भी हटा दिए गए हैं। पत्र में फर्रुखाबाद से संबंधित समाजवादी पार्टी की राज्य कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों को भी तत्काल प्रभाव से निष्प्रभावी किए जाने की बात कही गई है। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता ने भी इस संबंध में सोशल मीडिया पर पोस्ट की है। इसके बाद स्थानीय सपा नेताओं के बीच संगठन में बड़े बदलाव को लेकर चर्चा शुरू हो गई।
अखिलेश का जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव पर भरोसा बरकरार : जिला-महानगर कार्यकारिणी भंग
