राजस्थान में ‘आदिवासी स्कूल ठीक करो’ अभियान शुरू करेगी कॉकरोच जनता पार्टी

नई दिल्ली।  (आवाज न्यूज ब्यूरो) । कॉकरोच जनता पार्टी ने बृहस्पतिवार को राजस्थान में आदिवासी विद्यालय ठीक करो अभियान शुरू करने की घोषणा की। इसके तहत सीजेपी की कई टीम आदिवासी बहुल क्षेत्रों के सरकारी विद्यालयों का दौरा करके वहां बुनियादी ढांचे और अन्य सुविधाओं की कमियों का दस्तावेजीकरण करेंगी।
सीजेपी ने एक बयान में बताया कि अभियान के तहत उदयपुर, डूंगरपुर, झालावाड़, बांसवाड़ा, सिरोही और बारां-अंता सहित अन्य आदिवासी क्षेत्रों के स्कूलों को शामिल किया जाएगा। सीजेपी के अनुसार, उनकी विभिन्न टीम विद्यालयों की स्थिति का जायजा लेंगी, कमियों की पहचान करेंगी और संबंधित अधिकारियों के समक्ष इन मुद्दों को उठाएंगी। यह पहल सीजेपी के विद्यालय ठीक करो अभियान का विस्तार है, जिसे 15 अगस्त को सरकारी विद्यालयों का नागरिकों की भागीदारी से ऑडिट करने के उद्देश्य से शुरू किया गया था। सीजेपी ने कहा कि वह स्कूलों के बुनियादी ढांचे की मरम्मत और सुधार को लेकर राजस्थान सरकार द्वारा की गई घोषणाओं के क्रियान्वयन की भी निगरानी करेगी।