कन्नौज: 01 नवम्बर को अटल स्मृति पार्क में होगा मेगा विधिक साक्षरता एवं सेवा शिविर का आयोजन

जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को किया जाएगा लाभान्वित

बृजेश चतुर्वेदी 

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) ।   उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में आगामी 01 नवम्बर को कलेक्ट्रेट परिसर   स्थित अटल स्मृति पार्क में मेगा/बृहद विधिक साक्षरता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर को सफलतापूर्वक संपन्न कराने तथा अधिकाधिक लोगों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से नवीन न्यायालय परिसर, कन्नौज के सभागार में अपर जिला जज प्रथम श्री रवींद्र कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में अपर जिला जज प्रथम ने कहा कि शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजन को विधिक अधिकारों, कानूनी सहायता तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना और पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से लाभान्वित करना है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग अपने-अपने विभाग की योजनाओं के स्टॉल लगाकर आमजन को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं मिलने वाले लाभों की जानकारी सरल एवं सुलभ तरीके से उपलब्ध कराएं।

उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विभाग अभी से पात्र लाभार्थियों को चिह्नित करते हुए उनकी सूची तैयार कर लें, ताकि शिविर के दौरान अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाया जा सके। कार्यक्रम स्थल पर पंजीकरण काउंटर की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए, जिससे विभिन्न योजनाओं के इच्छुक एवं पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण कर उन्हें संबंधित योजनाओं से जोड़ा जा सके।

अपर जिला जज प्रथम ने कहा कि कई बार जानकारी के अभाव में पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रह जाते हैं। ऐसे में सभी विभाग व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए अधिकाधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करें। लाभार्थियों से भी अपील की जाए कि वे अपने आसपास के जरूरतमंद एवं पात्र व्यक्तियों को शिविर में साथ लेकर आएं, ताकि वे भी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठा सकें।

उन्होंने शिविर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य परीक्षण शिविर सहित शुद्ध पेयजल एवं अन्य आवश्यक जनसुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही वन विभाग को कार्यक्रम के अवसर पर वृक्षारोपण कराने के लिए भी निर्देशित किया, जिससे पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाई जा सके।

बैठक में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण  पौमेला श्रीवास्तवा, अपर जिलाधिकारी न्यायिक विजय कुमार मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।