‘‘अयोध्या में महिलाओं से हुई अभद्रता की जांच करे आयोग: अखिलेश’’
‘‘आर.के.यादव, सम्पादक आवाज न्यूज’’
लखनऊ।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । सपा सुप्रीमो एंव सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि कुछ महीनों बाद प्रदेश में पीडीए सरकार बनने पर राशन में सरसों का तेल दिया जाएगा। इससे शोषित, वंचित और गरीब लोगों को कथित तौर पर भाजपा के उत्पीड़न और अपमान का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने दावा किया कि भाजपा से पीड़ित और अपमानित लोग इस बार उसका स्थायी सफाया कर देंगे।
सपा सुप्रीमो ने अयोध्या में भाजपा के कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के साथ हुई कथित मारपीट और अभद्रता को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने महिला आयोग से मामले का संज्ञान लेकर भाजपा के संबंधित नेताओं और आयोजकों के खिलाफ वैधानिक व दंडात्मक कार्रवाई की मांग की। अखिलेश ने कहा कि भाजपा के लोग नारी का सम्मान नहीं, अपमान करते हैं। यादव ने लखनऊ अग्निकांड में जान गंवाने वाले युवक की मां का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से सार्वजनिक रूप से उस दुखी मां का किया गया अपमान कोई महिला नहीं भूलेगी। अखिलेश ने इसे मातृशक्ति का अपमान बताते हुए कहा कि उसका श्राप खाली नहीं जाएगा। उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव और 2026 के विधान परिषद चुनाव का हवाला देते हुए दावा किया कि भाजपा के जुमलों का असर जनता के बीच खत्म हो रहा है। पोस्ट में उन्होंने भाजपा को तेल की फिसलन की ढलान पर बताते हुए कहा कि जनता उसे हमेशा के लिए हराने के मूड में है। अखिलेश ने यह भी दावा किया कि भाजपा से जुड़े राजनीतिक लोग जनाक्रोश के डर से राजनीति छोड़ रहे हैं या दूसरे राजनीतिक दलों में जगह तलाश रहे हैं। उन्होंने अगले चुनाव को महिला-युवा बनाम भाजपा की लड़ाई बताया।
सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव का बडा ऐलान: सरकार बनी तो राशन में देंगे सरसों का तेल
