10 लाख रुपये तक के बकाये पर मूल कर जमा करने पर मिलेगी ब्याज एवं अर्थदण्ड से शत-प्रतिशत छूट, तीन माह तक लागू रहेगी योजना
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । आज अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में वाणिज्य कर विभाग द्वारा संचालित ब्याज माफी योजना-2026 के संबंध में व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी रतन ने योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए व्यापारियों एवं उद्यमियों से शासन की इस महत्वपूर्ण योजना का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, जिससे अधिक से अधिक बकायेदार व्यापारी इसका लाभ प्राप्त कर सकें।
बैठक में उपायुक्त राज्यकर मो० नाजिम ने योजना की जानकारी देते हुए बताया कि ब्याज माफी योजना-2026 के अंतर्गत 31 दिसम्बर 2025 तक सृजित 10 लाख रुपये तक के बकाये पर मूल कर की धनराशि जमा करने के उपरांत 100 प्रतिशत ब्याज एवं अर्थदण्ड माफ किए जाने का प्रावधान है। यह योजना उत्तर प्रदेश बिक्री कर, केंद्रीय बिक्री कर, उत्तर प्रदेश आमोद एवं पणकर तथा तदधीन निर्मित मनोरंजन कर, उत्तर प्रदेश व्यापार कर, उत्तर प्रदेश केबिल टेलीविजन नेटवर्क, उत्तर प्रदेश प्रवेश कर एवं उत्तर प्रदेश मूल्य संवर्धित कर के बकायों पर लागू होगी।
उन्होंने बताया कि योजना का लाभ ऐसे बकायेदार व्यापारी भी प्राप्त कर सकेंगे, जिन्होंने योजना लागू होने से पूर्व मूल बकाया धनराशि का पूर्ण अथवा आंशिक भुगतान कर दिया है। शासन द्वारा यह योजना 16 अक्टूबर 2026 से तीन माह की अवधि के लिए लागू की गई है। अतः पात्र व्यापारी निर्धारित अवधि के भीतर आवेदन कर योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
योजना का लाभ लेने के लिए व्यापारियों को ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन करना होगा। आवेदन प्रक्रिया अथवा योजना से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी एवं सहायता के लिए व्यापारी एवं बकायेदार कार्यालय राज्य कर, कन्नौज में स्थापित हेल्प डेस्क से संपर्क कर सकते हैं।
बैठक में राज्य कर विभाग की ओर से उपायुक्त मो० नाजिम, सहायक आयुक्त नीरज कुमार मौर्य, सुश्री प्रेरणा द्विवेदी, अशोक मिश्रा, राज्य कर अधिकारी प्रवीण सिंह सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त व्यापार मंडल की ओर से भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष श्री राज शर्मा, जिला उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष रामजी अग्रवाल, अतर एसोसिएशन कन्नौज के अध्यक्ष पवन त्रिवेदी सहित विभिन्न व्यापार मंडलों के पदाधिकारी, गणमान्य व्यापारी उपस्थित रहे।

