नई दिल्ली। (आवाज न्यूज ब्यूरो) दिल्ली में विधानसभा चुनाव हैं। सभी राजनीतिक पार्टियां जोर शोर से चुनाव प्रचार में जुटी हुई हैं। एक दूसरे पर नेता आरोप लगा रहे हैं। इस बीच आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भाजपा पर निशाना साधा और कहा कि जो आपका वोट पैसे या तोहफों से खरीदना चाहते हैं, उन्हें कभी वोट न दें। आपका वोट आपकी आवाज है, इसे पैसे या लालच में न बेचें।
केजरीवाल ने कहा कि वोट खरीदने वाले को आप लोग कभी वोट मत देना। बाबा साहब भीमराव अंबेडकर ने हमें वोट देने का अधिकार दिलाया है। अब अपने जनतंत्र और संविधान को बचाने की जिम्मेदारी हमारी है। अगर आपने अपना वोट बेच दिया तो आपके लिए कोई स्कूल, अस्पताल और सड़कें नहीं बनाएगा। आगे कहा कि दिल्लीवाले बिकाऊ नहीं हैं। वह अपना वोट नहीं बिकने देंगे। केजरीवाल ने दिल्लीवालों से कहा कि गाली गलौज पार्टी के लोग जो दें वो रख लेना मगर वोट मत बिकने देना। दिल्ली में गाली गलौज पार्टी के नेता सरेआम लोगों में पैसे, साड़ी, कंबल, जूते और सोने की चेन बांट रहे हैं। यह सब गैरकानूनी काम दिल्ली पुलिस के संरक्षण और निगरानी में हो रहा है। मेरी दिल्ली की जनता से अपील है कि आप इनके द्वारा दिए जाने वाला सामान रख लेना। लेकिन अपना वोट मत बिकने देना। उन्होंने आगे कहा कि मैं आप लोगों के लिए भगवान से प्रार्थना करूंगा कि उन्होंने जो आपको झूठी कसम खिलाई है, वह आपको ना लगे। आप लोग इन गुंडों से मत डरना। आप अपनी मर्जी से ही वोट करना। अगर आपने इन पैसों के लिए देश और लोकतंत्र को बेच दिया तो आपको भगवान माफ नहीं करेगा।
