लखनऊ।(आवाज न्यूज ब्यूरो) उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में नेजा मेले को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। इस दौरान नेजा मेले पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इस मुद्दे पर सूबे के मुखिया मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बड़ा बयान सामने आया है। सीएम योगी ने साफ तौर पर कह दिया है कि ‘आक्रांताओं का महिमामंडन करना देशद्रोह है और नया भारत इसे स्वीकार नहीं करेगा।’
दरअसल, देश के विभिन्न हिस्सों में इस वक्त मुगल शासक औरंगजेब को लेकर विवाद जारी है। इस विवाद के बीच सीएम योगी ने गुरुवार को बड़ी बात कही है। उन्होंने कहा है कि भारत की विरासत पर हमला करने वाले और देश के लोगों का अपमान करने वाले आक्रांताओं का महिमामंडन करना देशद्रोह के बराबर है। बहराइच में सीएम ने कहा कि महराज सुहेलदेव के पराक्रम और शौर्य की परिणति थी कि 150 वर्ष तक कोई विदेशी आक्रांता भारत पर हमला करने का दुस्साहस नही कर पाया।
उन्होंने कहा कि किसी भी आक्रांता का महिमामंडन करने का मतलब देशद्रोह की नींव को पुख्ता करना है,स्वतंत्र भारत किसी देशद्रोही को स्वीकार नही कर सकता,जो भारत के महापुरुषों को अपमानित करता हो,उन आक्रांताओं का महिमामंडन करता हो,जिन्होंने भारत की सनातन संस्कृति को रौंदने का काम किया था,हमारी आस्था पर प्रहार किया था,उसे आज का नया भारत कतई स्वीकार नही कर सकता।
