नई दिल्ली।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले और उसके जवाब में जारी भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर के समर्थन में कांग्रेस ने आज देश भर में जय हिंद यात्रा निकाली। यह यात्रा आतंकवाद के खिलाफ एकजुटता और सेना के साहस को सलाम करने के उद्देश्य से निकाली गई। दिल्ली में यह यात्रा शाम को जंतर-मंतर से निकाली गई। इस यात्रा में कांग्रेस के कई प्रमुख नेता शामिल हुए।
कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा कि, “अब समय आ गया है कि आतंकवाद को जड़ से उखाड़ फेंका जाए। पहलगाम में निर्दोषों की हत्या भारत की आत्मा पर हमला था। भारतीय सेना के पराक्रम की कोई सीमा नहीं है और मुझे भारतीय होने पर गर्व है। हम सरकार का पूरा समर्थन करते हैं। सेना भारतीय सीमा पर पाकिस्तान की नाजायज हरकतों का मुंहतोड़ जवाब दे रही है। यह यात्रा सिर्फ सैनिकों और उनके परिवारों को ही समर्पित नहीं है। पूरा देश राजनीति से परे एकजुट है। यही एकजुटता सोनिया गांधी ने अटल बिहारी वाजपेयी के सामने कारगिल युद्ध के दौरान दिखाई थी और वाजपेयी ने इंदिरा गांधी को ’दुर्गा’ कहा था। पाकिस्तान ओसामा बिन लादेन और मसूद अजहर जैसे आतंकी सरगनाओं को पनाह देता रहा है। सीमावर्ती गांवों और शहरों के सभी लोग एहतियात बरत रहे हैं, सरकार और प्रशासन द्वारा दिए जा रहे दिशा-निर्देशों का पालन कर रहे हैं। कोई भी डरता नहीं है. सभी का मनोबल ऊंचा है।“ कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा, “पहलगाम में पर्यटकों पर हुए कायराना हमलों के जवाब में देश के सभी लोगों ने तत्काल कार्रवाई की मांग की। हमारे भारतीय सशस्त्र बलों ने आतंकी ठिकानों को नष्ट करके बदला लिया और सभी लोग इसका समर्थन करते हैं। हमने प्रधानमंत्री को अपना समर्थन व्यक्त किया है। सभी प्रधानमंत्रियों ने हमेशा देश की सुरक्षा के लिए उचित कार्रवाई की है, जैसा कि अब हो रहा है।’’
आतंकवाद के खिलाफ राष्ट्र की एकजुटता का प्रतीक : कांग्रेस का यह भी कहना है कि यह यात्रा आतंकवाद के खिलाफ राष्ट्र की एकजुटता का प्रतीक है। जनता के बीच यह यात्रा संदेश देगी कि इस कठिन घड़ी में पूरा देश सेना के साथ खड़ा है। पार्टी नेताओं का मानना है कि यह समय राजनीति से ऊपर उठकर राष्ट्रीय सुरक्षा और एकता का प्रदर्शन करने का है। कांग्रेस ने पहले ही अपने सभी राजनीतिक कार्यक्रमों को फिलहाल स्थगित करने का फैसला लिया है, ताकि सेना के प्रयासों के प्रति एकजुट समर्थन दर्ज कराया जा सके। ‘जय हिंद यात्रा’ के जरिए कांग्रेस पार्टी देश के नागरिकों से शांति, एकता और राष्ट्रहित में संयम बनाए रखने की अपील की। बता दें, 2025 का पहलगाम हमला जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुआ, जहां 5 हथियारबंद आतंकियों ने निहत्थे पर्यटकों पर हमला किया। 22 अप्रैल 2025 को हुए इस हमले में 26 आम लोगों की जान गई।
