फर्रुखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । यातायात पुलिस ने माह नवंबर के तहत फतेहगढ़ स्थित राजकीय संकेत मूक-बधिर विद्यालय पहुंचकर विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की जानकारी दी। कार्यक्रम में विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के साथ सड़क पर सुरक्षित चलने के तौर-तरीके समझाए गए।यातायात उपनिरीक्षक सत्येंद्र कुमार ने विद्यार्थियों को सड़क पार करने, यातायात संकेतों को पहचानने, हेलमेट पहनने, वाहन चलाते समय सावधानी बरतने तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े जरूरी नियमों की जानकारी दी। बच्चों तक संदेश पहुंचाने के लिए सहायक अध्यापक अभिनव पटेल ने सांकेतिक भाषा में यातायात नियमों को समझाया। इससे मूक-बधिर विद्यार्थी भी प्रशिक्षण से आसानी से जुड़ सके।इस अवसर पर यातायात उपनिरीक्षक सत्येंद्र कुमार के साथ यातायात कांस्टेबल दीपेश छोकर और चालक ललित पटेल मौजूद रहे। छात्रावास अधीक्षक नीरज कुमार सक्सेना, वरिष्ठ सहायक मुकेश कुमार सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने और स्वयं के साथ दूसरों की सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनने का संदेश दिया गया।
यातायात पुलिस ने मूक-बधिर विद्यालय के विद्यार्थियों को समझाये यातायात के नियम
