भारत-पाकिस्तान ने मिलकर संघर्ष विराम का लिया फैसला : विदेश मंत्रालय

नई दिल्ली।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। भारत-पाकिस्तान ने मिलकर संघर्ष विराम का फैसला लिया है। अब 12 मई को दोनों देश फिर से इस मुद्दे पर बात करेंगे। भारत की ओर से कहा गया कि पाकिस्तान के डीजीएमओ ने भारत के डीजीएमओ के बीच बात हुई। दोनों देशों के बीच जारी संघर्ष को तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है। शनिवार शाम 5 बजे के बाद से दोनों देशों के बीच किसी प्रकार की लड़ाई नहीं होगी।
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा कि पिछले 48 घंटों में उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और मैंने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ, भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर, सेना प्रमुख असीम मुनीर और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और असीम मलिक सहित वरिष्ठ भारतीय और पाकिस्तानी अधिकारियों से बातचीत की है। मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि भारत और पाकिस्तान की सरकारें तत्काल युद्ध विराम और तटस्थ स्थल पर व्यापक मुद्दों पर बातचीत शुरू करने पर सहमत हो गई हैं। हम शांति का मार्ग चुनने में प्रधानमंत्री मोदी और शरीफ की बुद्धिमत्ता, विवेक और नेतृत्व की सराहना करते हैं।
पाकिस्तान ने भी की सीजफायर की पुष्टि
पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार की ओर से एक्स पर पोस्ट करके बताया गया है कि पाकिस्तान और भारत ने तत्काल प्रभाव से युद्ध विराम पर सहमति जताई है। हालांकि उन्होंने भारत पर किए गए नाकाम हमलों की कोशिशों पर माफी नहीं मांगी। उन्होंने आगे दावा करते हुए कहा कि पाकिस्तान ने हमेशा अपनी संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता से समझौता किए बिना क्षेत्र में शांति और सुरक्षा के लिए प्रयास किया है।