बडी खबर : बिजली के निजीकरण के विरोध में होगा सामूहिक जेल भरो आंदोलन, महापंचायत में हुआ ऐलान

लखनऊ।(आवाज न्यूज ब्यूरो)।  बिजली के निजीकरण के विरोध में लखनऊ में हुई महापंचायत में फैसला लिया गया कि अगर राष्ट्रव्यापी हड़ताल के बाद फैसला नहीं बदला गया तो जेल भरो आंदोलन की शुरुआत होगी। पूर्वांचल व दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के निजीकरण के विरोध में विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति की ओर से लखनऊ में आयोजित महापंचायत ने निर्णय लिया गया कि उत्तर प्रदेश में किये जा रहे निजीकरण के विरोध में 9 जुलाई को देश के 27 लाख बिजली कर्मी एक दिन की राष्ट्रव्यापी सांकेतिक हड़ताल करेंगे। हड़ताल की तैयारी में 2 जुलाई को देश भर में व्यापक विरोध किया जाएगा। चेतावनी दी गई कि इसके बाद भी प्रबंधन ने फैसला नहीं बदला तो जेल भरो आंदोलन की शुरुआत की जाएगी। अगले चरण में इसकी भी तिथि घोषित की जाएगी। महापंचायत में देश की प्रमुख ट्रेड यूनियनों और संयुक्त किसान मंच के शीर्ष पदाधिकारी उपस्थित रहे।