काशी-अयोध्या के बाद अब मथुरा को लूटने की तैयारी कर रही भाजपा : कांग्रेस

लखनऊ।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने बीजेपी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि काशी और अयोध्या के बाद अब मथुरा को लूटने की तैयारी हो रही है। वृंदावन में स्थानीय लोगों को उजाड़कर बाहरियों को बसाया जा रहा है।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि भाजपा काशी और अयोध्या के बाद मथुरा को भी लूटने की तैयारी में हैं। वृंदावन के लोगों की उजाड़कर गुजराती लोगों को बसाने की तैयारी है। वृंदावन से आए लोगों का परिचय कराते हुए उन्होंने कहा कि काशी की तरह ही वृन्दावन के प्राचीन मंदिरों को उजाड़ा जाएगा। बाबा विश्वनाथ के दरबार के सैकड़ों मंदिर तोड़ दिए गए। अक्षयवट को खत्म कर दिया गया।
इसी तरह मां विंध्यवासिनी के दरबार के मंदिरों को ध्वस्त कर माल में बदला गया। अयोध्या के अर्ध मंदिर का उद्घाटन किया। अब दोबारा प्राण प्रतिष्ठा की गई, जो हिंदू धर्म के विपरीत हैं। उन्होंने कहा कि वृन्दावन की मान्यता और आस्था को खत्म करने की कोशिश है। बांकेबिहारी का वैभव खत्म करने की साजिश है। धार्मिक स्थलों को पर्यटन स्थल में बदल रहे हैं। यह सनातन के खिलाफ है। अन्य किसी भी देश में पुरानी धरोहरों को ध्वस्त नहीं किया गया, लेकिन यह सरकार सनातन धर्म की रक्षा का ढोंग करती है। सनातन परंपरा और मान्यता को खत्म कर रही है। सनातन परंपरा और आस्था से खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा।