भाजपा ने अत्याचार में अंग्रेजों और मुगलों को भी पीछे छोड़ा : वृन्दावन के पुजारी

लखनऊ।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। वृन्दावन से आए आचार्य सोहन लाल मिश्र ने कहा कि पांच सौ साल से परिवार के लोग पीढ़ी दर पीढ़ी ठाकुरजी की सेवा कर रहे हैं। जो अत्याचार अंग्रेजों और अकबर ने नहीं किया उससे कहीं ज्यादा ये भाजपा सरकार कर रही है। रात भर सो नहीं पाते। उन्होंने बिलखते हुए कहा कि हमें बांके बिहारी से अलग किया जा रहा है। यदि सरकार नहीं मानी तो हम लोग अन्न जल छोड़ देंगे और वियोग में प्राण त्याग देंगे। हम वियोग बर्दाश्त नहीं कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि कोरिडोर के नाम पर सारा खेल चोरी चुपके किया गया। वृंदावन के लोगों को एक बार भी बताया नहीं गया। वृंदावन से हमारे पूर्वजों की आत्मा जुड़ी है। हम उसे कैसे सौंप दें।
क्या गोरखपीठ को रुपए के बदले देंगे
वृंदावन से आए पुजारियों ने मुख्यमंत्री से कहा कि क्या वे रुपए लेकर गोरक्षापीठ को हमें दे देंगे। हम मुआवजा राशि चार गुना देने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि सिर्फ रेलिंग बनाने से दर्शन की व्यवस्था सही हो सकती है, लेकिन सरकार धन की बंदरबांट करने के लिए कोरिडोर बनाना चाहती है।