कन्नौज : स्कूल मर्जर के खिलाफ सपा का जोरदार प्रदर्शन

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शनिवार को बेसिक स्कूलों के मर्जर और अघोषित बिजली कटौती के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कलक्ट्रेट पहुंच कर सपाई चिलचिलाती गर्मी में ही सरकार के खिलाफ धरने पर बैठ गए और गलत नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की।

सपा जिलाध्यक्ष कलीम खां की अगुवाई में पार्टी नेता और कार्यकर्ता दोपहर में कलक्ट्रेट पहुंचे। यहां डीएम ऑफिस के सामने ही नारेबाजी करते हुए वो लोग धरने पर बैठ गए। यूपी सरकार की नीतियों की जन विरोधी बताते हुए जमकर प्रदर्शन किया।

सपा नेता जय कुमार तिवारी ने कहा कि सरकार स्कूलों को मर्ज कर रही है। गांव और गरीबों के बच्चों के लिए पढाई मुश्किल हो गई। दूर के स्कूलों तक उन्हें पहुंचाने का कोई इंतजाम सरकार ने नहीं किया। खाद के लिए किसान मारा-मारा घूम रहा। कहीं भी खाद नहीं मिल रही और सत्ता में बैठे नेता व मंत्री खाद की उपलब्धता के कोरे दावे कर रहे हैं।

जिलाध्यक्ष कलीम खां ने कहाकि बिजली की बदहाल व्यवस्था और खाद की किल्लत से किसान परेशान है। इसके बावजूद सरकार कोई एक्शन नहीं ले रही। आम जनता को सरकारी दफ्तरों और थानों में ठगा जा रहा। लोगों का उत्पीड़न किया जा रहा, लेकिन सुनवाई करने वाला कोई नहीं हैं। यूपी सरकार आमजन के अधिकारों को छीनती जा रही है। जिसके खिलाफ समाजवादी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता कलक्ट्रेट में एकजुट हुए हैं। आमजन से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए पार्टी प्रदर्शन कर रही है।

धरना-प्रदर्शन के दौरान सपाइयों ने सरकार विरोधी नारेबाजी की। इसके बाद राष्ट्रपति को सम्बोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा। प्रदर्शन के दौरान पूर्व विधायक कल्यान सिंह दोहरे, सपा नेता अनिल पाल, इंद्रेश यादव, यश दोहरे, हसीब हसन, प्रबल प्रताप सिंह, कमलेश कटियार, सरोजनी कुशवाहा, आकाश शाक्य, शशिमा दोहरे, अर्चना मिश्रा, नेम सिंह यादव समेत बड़ी तादात में पार्टी के नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।