विभिन्न मांगों को लेकर प्रदेश भर के करीब 80 हजार कोटेदारो की तीन दिवसीय हड़ताल शुरू

लखनऊ। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। पिछले छह माह से बकाया लाभांश का भुगतान किए के जाने समेत अन्य मांगों को लेकर प्रदेश भर के करीब 80 हजार कोटेदार रविवार से तीन दिन की हड़ताल पर रहेंगे। इस दौरान कोटेदार राशन का वितरण नहीं करेंगे। उत्तर प्रदेश सस्ता गल्ला विक्रेता परिषद समेत अन्य संगठनों की अपील पर कोटेदारों ने 20, 21 और 22 जुलाई को पूर्ण हड़ताल पर जाने का फैसला लिया है। परिषद के प्रदेश अध्यक्ष अशोक कुमार मेहरोत्रा ने बताया कि कोटेदारों की कोई सुनवाई नहीं हो रही है। छह माह से हमारा लाभांश नहीं मिला है। कोटेदार आर्थिक तंगी झेल रहा है। वहीं सरवर की समस्या बनी रहती है।
प्रदेश उपाध्यक्ष प्रकाश सिंह गोलू ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कोटेदारों को 200 रुपए प्रति कुंतल लाभांश देने की व्यवस्था की जाए। जैसा कि दिल्ली, हरियाणा, गोवा आदि राज्यों में राज्य सरकारें दे रही हैं। हड़ताल के क्रम में प्रदेश भर में राशन विक्रेता व संगठनों ने डीएसओ व अन्य अधिकारियों को ज्ञापन भी सौंपा। कोटेदारों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं लिया गया, तो अब कोटेदार अनिश्चितकालीन धरना, प्रदर्शन और अनिश्चितकालीन हड़ताल करने को मजबूर होंगे।