कन्नौज : सपा नेता रजनीकांत पर हमला करने वाले पार्टी से निष्कासित, 4 के खिलाफ एफआईआर

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। कन्नौज तहसील में सपा नेता रजनीकांत यादव को थप्पड़ों से पीटे जाने के मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। सपा नेता की तहरीर पर 4 लोगों के खिलाफ कार्यवाही की गई, जिसमें दो नामजद और दो अज्ञात शामिल हैं। इसके साथ ही पिटाई करने वाले युवक और उसके भाई को समाजवादी पार्टी से निष्कासित कर दिया गया।

सदर तहसील परिसर में मंगलवार दोपहर सपा नेता और पूर्व जिला पंचायत सदस्य रजनीकांत यादव की पिटाई हो गई थी। उन्हें सपा नेता जगमोहन उर्फ डीएम यादव के भाई ने थप्पड़ों से पीट दिया था। रजनीकांत यादव की पिटाई का वीडियो जमकर वायरल हुआ।

इस मामले में रजनीकांत यादव ने खिवराजपुरवा गांव निवासी जगमोहन उर्फ डीएम यादव के भाई लल्ला यादव और घासीपुरवा गांव निवासी अशोक यादव के खिलाफ तहरीर देते हुए नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। जबकि उनके 2 अज्ञात साथियों को भी एफआईआर में शामिल किया गया।

डीएम यादव और लल्ला सपा से निष्काषित रजनीकांत यादव को पीटने वाले लल्ला यादव का भाई जगमोहन उर्फ डीएम यादव समाजवादी पार्टी के नेता हैं। ऐसे में दोनों के बीच झगड़े की शिकायत पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव की संस्तुति पर पार्टी जिलाध्यक्ष कलीम खां ने डीएम यादव और लल्ला यादव को पार्टी से निष्कासित कर दिया। पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण उन्हें निष्कासित किया गया।