अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने किया संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । संविधान दिवस के अवसर पर जनपद में गुरुवार को विभिन्न सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों एवं अन्य स्थानों पर उत्साह, गरिमा और राष्ट्रभावना के साथ कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुता के मूल्यों को आत्मसात करने तथा लोकतांत्रिक आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस अवसर पर जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने कन्नौज सदर पुलिस चौकी स्थित बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर सहित अन्य महान विभूतियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने महान विभूतियों के योगदान, विचारों एवं आदर्शों को स्मरण करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी एवं उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने माननीय मुख्यमंत्री द्वारा डॉ. बी.आर. अम्बेडकर मूर्ति विकास योजना के अंतर्गत आयोजित शिलान्यास एवं पूजन कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा। कार्यक्रम के माध्यम से सामाजिक समरसता, समानता, न्याय, सम्मान तथा संविधान में निहित मूल आदर्शों के प्रति जनजागरूकता एवं प्रतिबद्धता का संदेश दिया गया।
संविधान दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट, विकास भवन सहित जनपद के समस्त सरकारी कार्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन करते हुए संविधान में उल्लिखित न्याय, स्वतंत्रता, समता एवं बंधुता के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया।
जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने संविधान दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आधारशिला है। यह प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार प्रदान करने के साथ ही राष्ट्र एवं समाज के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का बोध कराता है। संविधान में निहित आदर्शों एवं मूल्यों का सम्मान करना, उनका पालन करना तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था को सशक्त बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार की उपस्थिति में पुलिस कार्यालय, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास की उपस्थिति में विकास भवन, अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) रतन की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट परिसर, बेसिक शिक्षा विभाग सहित जनपद के विभिन्न विभागों एवं संस्थानों में संविधान दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए गए। सभी कार्यक्रमों में संविधान के प्रति सम्मान, नागरिक कर्तव्यों, सामाजिक सद्भाव तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाने का संदेश दिया गया।

