भाजपा को बर्दाश्त नहीं सपा की लोकप्रियता,मस्जिद में नहीं हुई कोई राजनीतिक चर्चा : अवधेश प्रसाद

नई दिल्ली।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने भाजपा के उन आरोपों को खारिज किया है जिनमें कहा गया था कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने संसद भवन से सटी एक मस्जिद में राजनीतिक बैठक की थी। सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि भाजपा अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी (सपा) की लोकप्रियता से परेशान है और उसे पेट में दर्द हो रहा है। 22 जुलाई को सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कुछ तस्वीरें पोस्ट की थीं। पोस्ट में शेयर की गई तस्वीरों में सपा प्रमुख के अलावा उनकी पत्नी और सांसद डिंपल यादव भी मौजूद थीं। भाजपा ने इन तस्वीरों पर आपत्ति जताई थी।
सपा की लोकप्रियता बर्दाश्त नहीं
अवधेश प्रसाद ने कहा कि भाजपा के लोग बेतुके बयान इसलिए देते हैं क्योंकि उन्हें सपा की लोकप्रियता बर्दाश्त नहीं होती। मस्जिद के अंदर किसी भी तरह की कोई राजनीतिक चर्चा नहीं हुई है। हमारे सांसद वहीं रहते हैं, मस्जिद के बाहर दो कमरे हैं। उन्होंने वहां चाय पीने का अनुरोध किया था। उनके अनुरोध पर मैं वहां गया था। मैं एक बार फिर कहना चाहता हूं कि मस्जिद में कोई राजनीतिक चर्चा नहीं हुई।
चुनाव बहिष्कार के दिए संकेत
बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सपा सांसद ने विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी है, जिसमें तेजस्वी ने चुनाव बहिष्कार के संकेत दिए हैं। तेजस्वी के बयान पर उन्होंने कहा कि भाजपा ने चुनाव आयोग के जरिए देश में लोकतंत्र को खत्म करना शुरू कर दिया है। मतदाता सत्यापन के जरिए मतदाताओं के वोट काटे जा रहे हैं, जो गलत है।
संविधान को खत्म करने की कोशिश
संविधान निर्माता बाबा साहब अंबेडकर ने देश के सभी मतदाताओं को वोट देने का अधिकार दिया था, लेकिन भाजपा लगातार संवैधानिक व्यवस्था का उल्लंघन कर रही है। भाजपा संविधान को खत्म करने की कोशिश कर रही है, लेकिन जब तक हम हैं, भाजपा की इस कोशिश को कामयाब नहीं होने देंगे। हालांकि, उन्होंने सीधे तौर पर चुनाव बहिष्कार को लेकर कोई बयान नहीं दिया।