कन्नौज : शादी अनुदान योजना के 199 नए आवेदनों को डीएम ने दी मंजूरी

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। निर्धन व्यक्तियों की पुत्रियों की शादी हेतु आर्थिक सहायता योजना के अन्तर्गत जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री द्वारा 199 नवीन आवेदन स्वीकृत किये गये। इस प्रकार वर्तमान वित्तीय वर्ष में 455 नवीन आवेदन स्वीकृत किये जा चुके हैं। जनपद में इस योजना के अन्तर्गत कुल लाभार्थियों की संख्या 455 हो गई है।

निर्धन व्यक्तियों की पुत्रियों की शादी हेतु आर्थिक सहायता योजना हेतु अन्य पिछड़े वर्ग  (अल्पसंख्यक पिछड़े वर्ग को छोड़कर) के ऐसे आवेदक जिनके वार्षिक आय 1 लाख रुपए तक हो तथा जिनकी पुत्री की शादी 1 अप्रैल 2025 के बाद हुई हो उनको पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के द्वारा ₹20000 की अनुदान धनराशि स्वीकृत की जाती है। शादी होने की तिथि से 90 दिन पहले अथवा 90 दिन बाद तक आवेदक विभागीय वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकता है तथा आवेदन पत्र का प्रिंट आउट निकालकर समस्त संलग्नक आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, शादी के कार्ड की मूल प्रति में ,आवेदक के बैंक पासबुक की छायाप्रति आवेदक एवं लड़की के आधार कार्ड की छायाप्रति संबंधित खंड विकास अधिकारी अथवा उपजिलाधिकारी कार्यालय में जमा करना होता है। उक्त अनुदान का लाभ प्रथम आवक प्रथम पावक के आधार पर दिया जाता है। आवेदनकर्ता अधिक जानकारी के लिये कार्यालय जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, विकास भवन, कन्नौज में सम्पर्क कर सकते हैं।