कन्नौज : आरओ/ एआरओ परीक्षा केन्दों का डीएम, एसपी ने लिया जायजा

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने संयुक्त रूप से समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी ( प्रारम्भिक) परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सकुशल सम्पन्न करायें जाने के उद्देश्य से परीक्षा केन्द्र बीएसएस इंटर कालेज सिकंदरपुर, सरदार पटेल इंटर कालेज इंदरगढ, किसान इंटर कालेज तिर्वा, आशा पब्लिक स्कूल वैसापुर पट्टी कन्नौज, जे0पी0 एजुकेशन एकेडमी गुरसहायगंज, कन्नौज पब्लिक स्कूल कन्नौज, जागरण पब्लिक स्कूल कन्नौज आदि का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केन्द्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि परीक्षा की सम्पूर्ण तैयारी आज ही पूर्ण कर ली जाएं। सभी केन्द्रों पर आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, स्वच्छ पेयजल, शौचालय व्यवस्था पूर्णतः दुरुस्त होनी चाहिए। सीसीटीवी कैमरे प्रत्येक कक्ष, प्रवेश द्वार एवं परिसर में संचालित रहें, तथा प्रश्न पुस्तिकाओं के पैकेट सीसीटीवी निगरानी में ही खोले जाएं। विशेष सतर्कता के साथ मजिस्ट्रेट व पुलिस बल की तैनाती में सफलतापूर्वक परीक्षा सम्पन्न कराई जाएं। कहा कि टैम्पो स्टैण्ड, प्रमुख चौराहों व तिराहों पर परीक्षा केन्द्र का नाम सहित सकेंतक बोर्ड लगाया जाये, जिससे परीक्षार्थियों को परीक्षा केन्द्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। ई-रिक्शा, आटो व टैम्पो चालकों के यूनियन को इस संबंध में जानकारी मुहैया करा दी जाये, जिससे परीक्षार्थियों को समय से वाहन की उपलब्धता हो सके। उन्होंने कहा कि परीक्षा केन्द्रों पर मोबाइल जमा करने हेतु अतिरिक्त कर्मचारी की नियुक्त  की जाएं। परीक्षा केन्द्र में किसी भी प्रकार का कागज, पेंसिल बॉक्स, कैलकुलेटर, पर्स, चश्मा, टोपी,  मोबाइल, पेन ड्राइव, कैमरा, स्मार्टवॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, डिजिटल पेन, हेल्थ बैंड एवं खाद्य सामग्री आदि वस्तुएं पूर्णतया प्रतिबंधित रहेंगी।जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा 27 जुलाई 2025 (रविवार) को जनपद के 13 परीक्षा केन्द्रों पर एक सत्र में सम्पन्न होगी। परीक्षार्थियों को परीक्षा केन्द्र में प्रातः 08.00 बजे से 08ः45 बजे तक ही प्रवेश दिया जाएगा। इसके उपरांत किसी भी स्थिति में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा का समय प्रातः 09.30 से 12.30 बजे तक निर्धारित है। उन्होंने कहा कि परीक्षा की निगरानी एवं संचालन हेतु व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त  किए गए हैं, जो कोषागार से सील्ड ट्रंक प्राप्त कर स्टैटिक मजिस्ट्रेट को सौंपेंगे। प्रश्नपत्र के रंग (कलर कोड) और कोड की सूचना परीक्षा नियंत्रक द्वारा प्रश्नपत्र वितरण से 45 मिनट पूर्व दी जाएगी।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि परीक्षा की शुचिता बनाये रखने हेतु पुलिस द्वारा संघन चेकिंग की जायेगी। महिला अभ्यर्थियों की जांच, महिला पुलिस कर्मियों द्वारा ही की जाएगी। प्रतिबंधित वस्तुओं की सूची चेकिंग बिंदु पर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की जाएंगी। उन्होनें कहा कि कड़ी सुरक्षा व्यवस्था एवं सतत् निगरानी में परीक्षा सम्पन्न करायी जायेगी।