कांग्रेस की चुनावी हार के लिए ‘पक्षपाती अंपायर’ निर्वाचन आयोग जिम्मेदार : राहुल गांधी

नई दिल्ली।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को गुजरात में पार्टी के जिला इकाई प्रमुखों को आश्वासन दिया कि चुनाव के लिए उम्मीदवारों का चयन करते समय उनकी राय पर भी विचार किया जाएगा। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी ने ‘संगठन सृजन अभियान’ (पार्टी संगठन को मजबूत करने का अभियान) के तहत कांग्रेस के जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर में अपने संबोधन के दौरान निर्वाचन आयोग पर ‘पक्षपाती’ होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को उसके मुख्य गढ़ गुजरात में हराना महत्वपूर्ण है। गुजरात कांग्रेस प्रमुख अमित चावड़ा ने बैठक के बाद संवाददाताओं को बताया कि राहुल गांधी ने जिला अध्यक्षों का मागर्दशन किया और आश्वासन दिया कि नेतृत्व पूरी तरह से पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ है।
एक अन्य नेता ने कहा कि राहुल गांधी ने क्रिकेट की शब्दावली का इस्तेमाल करते हुए निर्वाचन आयोग पर ‘पक्षपाती अंपायर’ होने का आरोप लगाया, जिसके कारण कांग्रेस चुनाव हार रही है। कांग्रेस की सुरेंद्रनगर जिला इकाई के प्रमुख नौशाद सोलंकी ने कहा, ‘क्रिकेट में अगर आप बार-बार आउट हो जाते हैं, तो आप खुद पर शक करने लगते हैं। लेकिन फिर आपको एहसास होता है कि आप अपनी गलती की वजह से आउट नहीं हो रहे हैं। यह अंपायर है जो पक्षपाती है। राहुल जी ने यह बात कही और हमें भरोसा दिया। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि हम 2017 के गुजरात चुनाव निर्वाचन आयोग की संदिग्ध मतदाता सूची के कारण हारे थे।’ सुरेंद्रनगर जिला कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि एक अन्य उदाहरण में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने देश की तुलना एक मंदिर से की, जहां हर कोई आकर प्रार्थना कर सकता है, लेकिन भाजपा-संघ यह नियंत्रित कर रहे हैं कि किसे क्या प्रसाद के रूप में मिलेगा। सोलंकी ने राहुल गांधी के हवाले से कहा, ‘वे (भारतीय जनता पार्टी- राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) तय करते हैं कि अगर कोई अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति या अन्य पिछड़ा वर्ग से आता है और अगर अदाणी या अंबानी आते हैं तो क्या दिया जाना चाहिए।