‘‘नेता प्रतिपक्ष की मोदी सरकार व ईसी को ललकार‘‘
‘‘एससी, एसटी, ओबीसी और अल्पसंख्यक भाइयों-बहनों के वोट चुराए जा रहे हैं : राहुल गांधी‘‘
नई दिल्ली।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। चुनाव आयोग द्वारा आज विशेष पुनरीक्षण के तहत मतदाता सूची का मसौदा जारी करने के एलान के साथ ही सियासी माहौल भी गरमा गया है। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बिहार में एसआईआर अभ्यास को लेकर फिर से चुनाव आयोग पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि हमारे पास स्पष्ट सबूत हैं कि चुनाव आयोग वोट चोरी में शामिल है। उन्होंने कहा कि सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि चुनाव आयोग में जो भी इस अभ्यास में शामिल है, ऊपर से नीचे तक, हम आपको नहीं छोड़ेंगे। आप भारत के खिलाफ काम कर रहे हैं और यह देशद्रोह से कम नहीं है। आप जहां कहीं भी हों, भले ही आप सेवानिवृत्त हों, हम आपको ढूंढ लेंगे। शुक्रवार को लोकसभा की कार्यवाही हंगामे के साथ शुरू हुई क्योंकि विपक्ष ने बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूचियों के चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन की कार्यवाही शुरू होने के कुछ ही मिनटों बाद स्थगित कर दी।
हमारे पास एटम बम है
राहुल गांधी ने कहा कि हमारे पास इस बात के स्पष्ट सबूत हैं कि चुनाव आयोग वोट चोरी में शामिल है। जल्द ही पूरे देश को इसके बारे में पता चल जाएगा कि चुनाव आयोग वोट चोरी करा रहा है। हमें मध्य प्रदेश, लोकसभा चुनाव में हमें शक था और महाराष्ट्र में वो थोड़ा आगे गया। एक करोड़ मतदाता जोड़े गए थे। इसके बाद हमने अपनी ही जांच की और उस जांच में जो मिला है, वो एटम बम है।
चुनाव आयोग ने नहीं की मदद, खुद कराई जांच
हमारे पास पूरे सबूत हैं कि चुनाव आयोग इस पूरे खेल में शामिल है। यह मैं ऐसे ही नहीं कह रहा हूं हमारे पास पुख्ता तथ्य हैं। चुनाव आयोग ये वोट चोरी भारतीय जनता पार्टी के लिए करा रहा है। हमें कई राज्यों में ऐसा लगा कि वोट चोरी हो रहे हैं। हमने तय किया कि चुनाव आयोग तो मदद कर नहीं रहा है इसलिए अब खुद ही इंवेस्टिगेशन करना पड़ेगा और हमने अपनी जांच की।
‘इंडिया‘ गठबंधन जनाधिकार की लड़ाई संसद से सड़क तक लड़ेगा
इससे पहले राहुल ने कहा था कि हिंदुस्तान में इलेक्शन चोरी किए जा रहे हैं, ये सच्चाई है! महाराष्ट्र में कैसे मैच फिक्सिंग हुई, हमने सबको दिखाया। कर्नाटक की एक लोकसभा सीट की जांच की, वहां बड़े पैमाने पर वोट चोरी मिली, जल्द जनता के सामने लाएंगे। उन्होंने कहा था कि बिहार में एसआईआर के नाम पर ,एससी, एसटी, ओबीसी और अल्पसंख्यक भाइयों-बहनों के वोट चुराए जा रहे हैं। हम चुप नहीं बैठेंगे। ‘इंडिया‘ गठबंधन जन अधिकार की लड़ाई संसद से सड़क तक लड़ेगा।
वोट चुराने वाले देशद्रोहियों को छोड़ेंगे नहीं : राहुल गांधी

