रोज-रोज की धमकी के बावजूद निष्पक्ष काम करेंगे : चुनाव आयोग

नई दिल्ली।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा चुनाव आयोग पर लगाए गए वोट चोरी के गंभीर आरोपों पर भारत निर्वाचन आयोग ने कड़ा जवाब दिया है। चुनाव आयोग ने राहुल गांधी का नाम लिए बिना उनके बयान को “बेबुनियाद और गैर-जिम्मेदाराना” करार दिया है।
चुनाव आयोग ने क्या कहा?
चुनाव आयोग ने कहा, “रोज-रोज लगाए जा रहे बेबुनियाद आरोपों और दी जा रही धमकियों को आयोग नजरअंदाज करता है।” आयोग ने अपने सभी चुनावी अधिकारियों और कर्मियों से कहा कि वे ऐसे बयानों की परवाह न करें और निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से अपने कार्य को जारी रखें। चुनाव आयोग ने यह भी कहा कि “लोकतांत्रिक प्रक्रिया की गरिमा बनाए रखना हमारी जिम्मेदारी है और हम किसी दबाव में नहीं आएंगे।”
राहुल गांधी ने क्या आरोप लगाए?
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को कहा, “चुनाव आयोग खुद वोट चोरी में शामिल है और हमारे पास इसके पुख्ता सबूत हैं।” उन्होंने कहा कि “एमपी और महाराष्ट्र के चुनावों में हमें शक हुआ था, और महाराष्ट्र में तो एक करोड़ नए वोटर जोड़ दिए गए।”
राहुल गांधी का दावा है कि जब उनकी पार्टी ने वोटर लिस्ट मांगी, वीडियोग्राफी की मांग की, तो चुनाव आयोग ने ना सिर्फ सहयोग नहीं किया, बल्कि “वीडियोग्राफी से जुड़ा कानून ही बदल दिया गया” उन्होंने कहा, “चुनाव आयोग ये सब बीजेपी के लिए कर रहा है। इस पर कोई शक नहीं है।”
आयोग और विपक्ष में टकराव
यह पहला मौका नहीं है जब चुनाव आयोग और विपक्षी पार्टियों में टकराव हुआ हो। लेकिन इस बार राहुल गांधी ने सीधे तौर पर आयोग की निष्ठा और निष्पक्षता पर सवाल उठाया है। जबकि आयोग ने बिना नाम लिए साफ संदेश दे दिया है कि वह अपने अधिकारियों और पूरी चुनाव प्रक्रिया के साथ मजबूती से खड़ा है।