बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक संपन्न हुई।
जिलाधिकारी ने कहा कि पंजीकृत 1634 के सापेक्ष 1604 बच्चों को टीकाकरण का कार्य पोर्टल पर प्रदर्शित हैं। समन्वय स्थापित कर छूटे हुये 30 बच्चों के टीकाकरण की कार्यवाही पूर्ण करें। डिलीवरी के समय से ही स्टॉफ नर्स अपडेट रहें, तभी नवजात शिशुओं का शत्-प्रतिशत टीकाकरण एवं पोर्टल पर अपडेशन सुनिश्चित होगा। कहा कि गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं की फीडिंग पोर्टल पर शत-प्रतिशत होनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने आयुष्मान कार्ड बनाये जाने में खराब प्रगति पाये जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की तथा निर्देश दिये कि आयुष्मान कार्ड बनाये जाने के कार्य में प्रगति ठीक करें, अन्यथा संबंधित की जिम्मेदारी तय की जायेगी। उन्होनें कहा कि समस्त एमओआईसी आयुष्मान कार्ड बनाये जाने की निरन्तर मानीटरिंग कर प्रगति में सुधार लाये। सोमवार को सिर्फ इसी बिंदु के लिए सभी ज़िम्मेदार कार्मिको की अलग से बैठक डीएम ने बुलाई है
श्री अग्निहोत्री ने संचारी रोग नियंत्रण अभियान की समीक्षा करते हुये कहा कि चूहा एवं छंछूदर से पनपने वाली बीमारियों के संबंध में जागरूकता के कार्यक्रम एवं प्रचार-प्रसार किया जाये। कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में झाड़ियों की सफाई आदि कार्यां पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता हैं। उन्होनें संचारी रोग नियंत्रण के अन्तर्गत पशुपालन विभाग द्वारा की गई बैठकों का क्रास वैरिफिकेशन कराये जाने निर्देश दिये। कहा कि स्वास्थ्य विभाग संचारी रोग नियंत्रण के अन्तर्गत अपने कार्य क्षेत्र में सुधार करे। बैठक में, मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ स्वदेश गुप्ता, जिला विकास अधिकारी नरेन्द्र देव द्विवेदी सहित संबंधित चिकित्सक उपस्थित रहे।