बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने कलेक्ट्रेट परिसर से विशेष तिरंगा बाइक/स्कूटी रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह रैली कलेक्ट्रेट परिसर से प्रारंभ होकर गोल कुआं, लाखन तिराहा, मकरंद नगर होते हुए पीएसएम कॉलेज परिसर में समापन हुई।
रैली को रवाना करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि यह देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। इस प्रकार की रैली का उद्देश्य राष्ट्रीय पर्व को उत्साहपूर्वक मनाना और देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि हमें गर्व के साथ अपने घरों पर तिरंगा फहराना चाहिए तथा अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़कर राष्ट्रप्रेम की भावना को और अधिक सशक्त बनाना है।
इस रैली का आयोजन बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा किया गया, जिसका उद्देश्य आमजन के मन में राष्ट्रीय ध्वज ‘तिरंगे’ के प्रति गर्व, सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना का संचार करना है।
रैली का विशेष आकर्षण शिक्षिका श्रीमती स्नेहलता द्विवेदी द्वारा बनाए गए तिरंगा सेल्फी प्वाइंट के रूप में रहा, जहां जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं मुख्य विकास अधिकारी ने तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर अभियान को प्रोत्साहन प्रदान किया। शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं की बाइक व स्कूटी को राष्ट्रीय ध्वज और तिरंगा गुब्बारों से भव्य रूप से सजाया गया था, जिससे सम्पूर्ण वातावरण देशभक्ति की भावना से सराबोर दिखाई दिया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी, अपर जिलाधिकारी (वि0 रा0) आशीष कुमार सिंह, जिला बेसिक अधिकारी संदीप कुमार सहित भारी संख्या शिक्षक/ शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

