चंद्रशेखर-ओवैसी गठबंधन पर बोले शिवपाल: भाजपा के लिए काम कर रहे हैं दोनों नेता

लखनऊ।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । यूपी में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सांसद असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की ओर से घोषित सामाजिक परिवर्तन मोर्चा को लेकर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने गठबंधन की मंशा पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि इन नेताओं का उद्देश्य भारतीय जनता पार्टी को सत्ता से बाहर करना नहीं है, बल्कि उनके कदमों से भाजपा को राजनीतिक फायदा पहुंच सकता है। लखनऊ में आयोजित प्रेसवार्ता में असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बनाने का ऐलान किया था। गठबंधन ने उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की है। साथ ही चंद्रशेखर आजाद को गठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया गया है।
गठबंधन की घोषणा के बाद शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद का मकसद भाजपा को सत्ता से हटाना नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों नेता भाजपा के समर्थन में काम कर रहे हैं। शिवपाल के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में गठबंधन को लेकर बयानबाजी और तेज हो गई है।