नई दिल्ली।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। बिहार में राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ मंगलवार को तीसरे दिन नवादा पहुंची, जहां उनके साथ आरजेडी के नेता तेजस्वी यादव भी मौजूद थे। इस दौरान तेजस्वी ने बड़ा बयान देते हुए लोगों से महागठबंधन को वोट देने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि लोग गठबंधन सरकार को चुनेंगे, तो जल्द ही राहुल गांधी को देश का प्रधानमंत्री बनाया जाएगा।
तेजस्वी का बीजेपी पर हमला
नवादा में वोटर अधिकार यात्रा को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने बीजेपी और चुनाव आयोग पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी और चुनाव आयोग के लोग बिहार के लोगों को धोखा देने की कोशिश कर रहे हैं। तेजस्वी ने कहा, “हम बिहारी हैं, एक बिहारी सब पर भारी है। अगर कोई हमें चूना लगाने की कोशिश करेगा, तो हम उसे खैनी में रगड़कर फेंक देंगे।” तेजस्वी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर भी टिप्पणी की और कहा, “नीतीश जी अचेत अवस्था में हैं, हमें 20 साल पुरानी खटारा सरकार को उखाड़ फेंकना है।” उन्होंने दावा किया कि कोई भी जाति या धर्म हो, वे सबको साथ लेकर चलेंगे। तेजस्वी ने यह भी कहा, “हम नए जमाने के लोग हैं, बिहार सबसे युवा प्रदेश है, और यह सरकार हमारे नौजवानों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है।”
राहुल गांधी का चुनाव आयोग पर निशाना
राहुल गांधी ने अपनी यात्रा के दौरान चुनाव आयोग की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग ने बिहार में चल रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन में अनियमितताएं की हैं। राहुल ने चुनाव आयोग के अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर गठबंधन सरकार बनी, तो ‘वोट चोरी’ पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। राहुल ने कहा, “देश भर में चुनाव आयोग से हलफनामा मांगा जाएगा, और यदि समय मिला तो हमारी पार्टी हर विधानसभा और लोकसभा क्षेत्र में वोट चोरी का पर्दाफाश करेगी।” उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा बिहार के लिए विशेष पैकेज की बात करने के संदर्भ में कहा कि चुनाव आयोग ने भी बिहार के लिए एक ‘नया विशेष पैकेज’ पेश किया है, जिसे एसआईआर कहा जा रहा है, और यह ‘वोट चोरी का नया रूप’ है।
राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए महागठबंधन को वोट दीजिए : तेजस्वी यादव

