नई दिल्ली।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भाजपा पर तीखा हमला करते हुए शनिवार को आरोप लगाया कि भारत अब वास्तव में लोकतंत्र नहीं रहा।
गांधी ने यहां तेलंगाना सरकार द्वारा आयोजित ‘भारत शिखर सम्मेलन’ को संबोधित करते हुए सवाल किया कि अगर निर्वाचन आयोग 14 करोड़ मतदाताओं को अवैध घोषित कर देता है, तो चुनाव वैध कैसे हो सकता है? उन्होंने कहा, दुनिया भर में लोकतांत्रिक आंदोलन के लिए यह जरूरी है कि भारत एक लोकतंत्र बना रहे, लेकिन हमने जो पाया है और साबित किया है, वह यह है कि भारत अब वास्तव में लोकतंत्र नहीं रहा।
गांधी ने कहा कि 2014 में कांग्रेस ने एक बिल्कुल नया चुनाव देखा, जिसमें राजनीतिक व्यवस्था के भीतर लाखों डॉलर लगाए गए और एक बिल्कुल अलग तरह का प्रचार अभियान चलाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने पाया कि भारत में 2014 में लोकतंत्र नष्ट हो गया था। राहुल गांधी ने हैदराबाद में ‘भारत शिखर सम्मेलन’ में शामिल न हो पाने वाले विदेशी प्रतिनिधियों से माफी मांगी और आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने उन्हें इस कार्यक्रम में हिस्सा लेने की अनुमति नहीं दी। उन्होंने कहा कि इससे संकेत मिलता है कि भारत में हमें किस तरह के हालात का सामना करना पड़ रहा है।
भाजपा नीत शासन में भारत अब लोकतंत्र नहीं रहा : राहुल गांधी
