बिहार के मंत्री श्रवण कुमार पर ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से बोला हमला : दौड़कर भागते हुए बचाई जान

नई दिल्ली।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। बिहार के नालंदा जिले के हिलसा थाना क्षेत्र के मलावां गांव में शनिवार को बड़ा हंगामा हो गया। यहां बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार और स्थानीय विधायक कृष्ण मुरारी उर्फ प्रेम मुखिया को ग्रामीणों ने लाठी-डंडों के साथ घेर लिया। हालात इतने बिगड़ गए कि दोनों नेताओं को अपनी जान बचाने के लिए करीब एक किलोमीटर तक पैदल भागना पड़ा।ग्रामीणों और नेताओं के बीच झड़प के दौरान एक पुलिसकर्मी को हल्की चोटें भी आईं। इसके बाद गांव में माहौल तनावपूर्ण हो गया और पुलिस ने पूरे इलाके को छावनी में बदल दिया।
9 लोगों की मौत से गुस्से में थे ग्रामीण
इस पूरे विवाद की जड़ हाल ही में हुआ सड़क हादसा था। पिछले शनिवार को दनियामा-हिलसा रोड पर डंपर और ऑटो की भिड़ंत में 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। सभी मृतक हिलसा थाना क्षेत्र के रेडी मलामा गांव के रहने वाले थे और फतुहा गंगा स्नान के लिए जा रहे थे। हादसे के बाद से ही गांव में शोक और गुस्से का माहौल था। ग्रामीणों का आरोप था कि हादसे के दिन विधायक ने आकर सड़क जाम हटवाया था और मुआवजे का भरोसा दिलाया गया था, लेकिन अब तक किसी को कोई मदद नहीं मिली।
हादसे के 5 दिन बाद पहुंचे मंत्री-विधायक
ग्रामीणों को इस बात से और ज्यादा नाराजगी हुई कि मंत्री और विधायक हादसे के 5 दिन बाद पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे। लोगों का कहना था कि नेताओं ने सिर्फ औपचारिकता निभाई और जल्दबाजी में दूसरे कार्यक्रमों में जाने की कोशिश की।
नेताओं को पैदल भागना पड़ा
गांव में जब मंत्री और विधायक पहुंचे तो पहले तो लोगों ने घेरकर नाराजगी जताई। बात बढ़ते-बढ़ते गुस्से में बदल गई और ग्रामीणों ने लाठी-डंडे उठा लिए। हालात बिगड़ते देख दोनों नेताओं को गांव के कुछ समझदार लोगों की मदद से वहां से निकलना पड़ा। इस दौरान उन्हें करीब एक किलोमीटर तक पैदल चलकर अपनी गाड़ी तक पहुंचना पड़ा।
पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद पुलिस ने गांव में डेरा डाल दिया है। अधिकारी अब पूरे मामले की जांच कर रहे हैं और यह समझने की कोशिश कर रहे हैं कि अचानक स्थिति इतनी क्यों बिगड़ गई।