‘‘कादरी गेट थाना क्षेत्र के मोहल्ला नरकसा की घटना‘‘
फर्रुखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो) कादरी गेट थाना क्षेत्र के मोहल्ला नरकसा में चोरों ने एक बंद पड़े मकान को निशाना बनाते हुए नकदी सहित करीब दो लाख रुपये के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहल्ला नरकसा निवासी महेंद्र सक्सेना जयपुर में रहकर नौकरी करते हैं। उनकी पत्नी पूनम अपनी सात वर्षीय पुत्री खुशी के साथ 20 जनवरी को अपने पिता विजय सक्सेना की दुकान मेला रामनगरिया चली गई थीं। घर बंद होने का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।
21 जनवरी की सुबह पड़ोस में रहने वाली महेंद्र सक्सेना की भाभी मीना ने फोन कर पूनम को घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा होने की सूचना दी। जानकारी मिलते ही पूनम सुबह करीब 7ः30 बजे घर पहुंचीं। घर के अंदर का नजारा देख वह दंग रह गईं। मुख्य कमरे का ताला टूटा हुआ था, जबकि अलमारी और संदूक के ताले भी टूटे पड़े थे। पूरे कमरे में सामान बिखरा हुआ था।
पीड़िता पूनम के अनुसार चोर अलमारी से करीब 7 हजार रुपये नकद, एक सोने की अंगूठी, एक बेसर, सोने की कमर पेटी और पुत्री की चांदी की पायल चोरी कर ले गए। चोरी गए जेवरात व नकदी की अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है।
मोहल्ले के लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से अराजक तत्वों की आवाजाही बनी रहती है। छतों के रास्ते कुछ संदिग्ध लोग अक्सर घूमते रहते हैं। वहीं घटनास्थल से करीब 100 मीटर की दूरी पर एक पीपल के पेड़ के नीचे अराजक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। विरोध करने पर विवाद की स्थिति भी उत्पन्न हो जाती है, जिससे लोग भयभीत रहते हैं।
चोरी की सूचना मिलते ही कादरी गेट चौकी इंचार्ज के.के. कश्यप मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि जिन संदिग्ध लोगों की जानकारी मिली है, उनके घर जाकर पूछताछ की गई, लेकिन वे नहीं मिले। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा किए जाने का दावा किया गया है।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्रवासियों में आक्रोश है। लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और अराजक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
चोरों ने बंद मकान से उडाए नकदी व जेवरात

