पूर्व शिक्षक के कंधों पर स्कूल शिक्षा की ज़िम्मेदारी

ब्रजेश चतुर्वेदी

लखनऊ।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। प्रदेश सरकार ने कल देर रात आईएएस अधिकारी मोनिका रानी की स्कूल शिक्षा का प्रभारी महानिदेशक नियुक्त किया है। इस महत्वपूर्ण पद पर उनकी नियुक्ति प्रशासनिक फेरबदल का हिस्सा है, जिसमें कुल 16 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं।
मोनिका रानी 2011 बैच की एक अनुभवी आईएएस अधिकारी हैं। वह मूल रूप से गुरुग्राम, हरियाणा की रहने वाली है। आईएएस बनने से पहले उन्होंने दिल्ली के एक सरकारी स्कूल में शिक्षिका के रूप में भी काम किया।
अपने करियर में उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली हैं, जिनमें फर्रुखाबाद और बहराइच जिले की जिलाधिकारी का पद भी शामिल है। बहराइच में उनके कार्यकाल के दौरान, उन्हें ‘सेवा से संतृ‌प्तिकरण अभियान’ और ‘ऑपरेशन भेड़िया’ जैसे अभियानों के लिए काफी सराहना मिली।
बहराइच में जब उपद्रव हुआ तो वे एसपी वृंदा  शुक्ला के साथ स्वयम सड़कों पर उतरीं और उपद्रव पर काबू पाया।इन कार्यों के लिए उन्हें प्रधानमंत्री पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था। अब, स्कूल शिक्षा की प्रभारी महानिदेशक के रूप में, उन पर प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में सुधार और विकास की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी।