कन्नौज चर्चित रेप कांड : पुलिस अधिकारियों पर होगी कार्रवाई

बृजेश चतुर्वेदी

‘‘सीजेएम ने एसपी को दिए 5 अधिकारियों पर कार्रवाई के आदेश‘‘
कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो)।
 कन्नौज में चर्चित रेप कांड के आरोपी नवाब सिंह यादव से जुड़े मामले में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) श्रद्धा भारतीय ने पुलिस अधिकारियों पर सख्त रुख अपनाया है। सीजेएम ने सोमवार को सुनवाई के दौरान तत्कालीन सीओ, वर्तमान सीओ सिटी, कोतवाली प्रभारी, अतिरिक्त निरीक्षक और संयुक्त निदेशक अभियोजन पर कार्रवाई का आदेश दिया।
सीजेएम ने एसपी बिनोद कुमार को निर्देश दिए कि उक्त अधिकारियों को दो वर्ष का विधिक प्रशिक्षण दिलाया जाए और इनके खिलाफ विधिक कार्यवाही भी की जाए। साथ ही 10 दिनों के भीतर न्यायालय को पूरी रिपोर्ट उपलब्ध कराने के आदेश दिए।
दरअसल, इस मामले में नाबालिग पीड़िता का मेडिकल महिला डॉक्टर स्वास्तिका शालिनी ने किया था। डॉक्टर ने 21 मई 2025 को पॉक्सो एक्ट कोर्ट के शासकीय अधिवक्ता किशोर दोहरे के खिलाफ धमकाने का केस दर्ज कराया था। इसमें नवाब सिंह यादव, नीलू यादव और पूजा तोमर के नाम भी शामिल थे।
चार्जशीट दाखिल होने के बाद बचाव पक्ष की ओर से वकीलों ने दलील दी थी कि एफआईआर में जिनको मुख्य अभियुक्त बताया गया, चार्जशीट में उन्हीं के नाम शामिल नहीं हैं। इसके अलावा गैर जनपदों की जेल में बंद नवाब सिंह और नीलू यादव पर धमकाने का आरोप लगाया गया है, जबकि उनकी पेशी केवल वीडियो कांफ्रेंसिंग से होती है। ऐसे में धमकाने का सवाल ही नहीं उठता। सीजेएम ने करीब आठ दिन पहले इस मामले से जुड़े पुलिस अधिकारियों को तलब किया था, लेकिन वीआईपी कार्यक्रम का हवाला देकर अधिकारी कोर्ट में हाजिर नहीं हुए। केवल अतिरिक्त निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह पेश हुए थे, जिन्हें सुनवाई के दौरान अचानक अटैक आ गया और उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा। सख्त रवैया अपनाते हुए सीजेएम ने तत्कालीन सीओ कमलेश कुमार, वर्तमान सीओ सिटी अभिषेक प्रताप अजेय, कोतवाली प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह, अतिरिक्त निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह और संयुक्त निदेशक अभियोजन राजेश सिंह पर विधिक प्रशिक्षण और कार्यवाही का आदेश जारी कर दिया है।