कन्नौज: डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन को मोटिवेट करने पहुचे प्रशिक्षु आईएएस अफसर अर्पित कुमार

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। जलालाबाद विकास खंड के जसोदा फिरोजपुर तारन में प्रशिक्षु आईएएस अधिकारी अर्पित कुमार ने स्वच्छता अभियान की कमान संभाली। उन्होंने मंगलवार को घर-घर जाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। अर्पित जिले में व्यवहारिक प्रशिक्षण के लिए तैनात है और फिलहाल उनके पास खंड विकास अधिकारी जलालाबाद का प्रभार है।

उन्होंने ग्रामीणों से कूड़ा-कचरा सड़कों पर न फेंककर सीधे कूड़ा गाड़ी में डालने का आग्रह किया। साथ ही एक रुपये प्रतिदिन का निर्धारित शुल्क समय पर जमा करने को कहा। अर्पित कुमार ने बताया कि गंदगी से मच्छर जनित बीमारियां फैलती हैं और स्वच्छता से ही स्वस्थ जीवन संभव है।

उन्होंने सफाई कर्मियों को मुख्य मार्गों की सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। ग्राम प्रधान और ग्राम विकास अधिकारियों को समय-समय पर सफाई अभियान की निगरानी करने को कहा। उनके अनुसार स्वच्छता शारीरिक, मानसिक और सामाजिक स्वास्थ्य के लिए जरूरी है।

स्वच्छ रहने से व्यक्ति में आत्मविश्वास बढ़ता है और यह पर्यावरण के लिए भी लाभदायक है। इस अभियान में एडीओ पंचायत लक्ष्मी राज यादव भी मौजूद रहे।