फर्रुखाबाद। (आवाज न्यूज ब्यूरो) । मंडी समिति परिसर स्थित आलू विपणन संघ के कार्यालय में हरे पेड़ों की कटाई किए जाने की सूचना से हड़कंप मच गया। मामले की जानकारी मिलने पर वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और परिसर में हो रहे पेड़ों की कटाई की जांच-पड़ताल की। मौके पर पेड़ों को काटने का कार्य चलता मिला। इस दौरान कर्मचारियों ने पेड़ों की कटाई कर रहे लोगों से जानकारी की तो उन्होंने बताया कि आलाधिकारियों के निर्देश पर पेड़ों की छंटाई कराई जा रही है। हालांकि, वन विभाग की टीम द्वारा आदेश के संबंध में जानकारी मांगे जाने पर मौके पर कोई लिखित अनुमति अथवा आदेश प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इससे पेड़ों की कटाई को लेकर सवाल खड़े होने लगे। परिसर में हरे-भरे पेड़ों पर आरी चलाए जाने की सूचना के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया।इसी बीच मीडिया कर्मी भी मौके पर पहुंच गए और पूरे मामले की जानकारी जुटाने लगे। मीडिया कर्मियों की मौजूदगी और मामले के उठने के बाद पेड़ों की कटाई का कार्य रोक दिया गया। अचानक कटाई बंद होने से परिसर में चल रहे कार्य को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि पेड़ों की केवल छंटाई कराई जा रही थी तो इसके लिए किस अधिकारी ने निर्देश दिए थे और क्या नियमानुसार इसकी अनुमति ली गई थी? वहीं, मौके पर लिखित आदेश उपलब्ध न होना भी जांच का विषय बना हुआ है। अब देखना होगा कि वन विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और हरे पेड़ों की कटाई के पीछे वास्तविक स्थिति क्या है। मौके पर मौजूद आलू विपरण संघ के लेखाकार मुकेश ने भी किसी प्रकार की जानकारी होने से मना कर दिया।
मंडी समिति में हरे पेड़ों की कटाई की सूचना पर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम: की जांच
