हरियाणा में कांग्रेस ने खेला तगड़ा दांव, राहुल गांधी के करीबी राव नरेंद्र सिंह को सौंपा प्रदेश अध्यक्ष का जिम्मा

नई दिल्ली।(आवाज न्यूज ब्यूरो)।  बिहार विधानसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस ने हरियाणा में संगठनात्मक बदलाव की घोषणा कर दी है। पार्टी ने दक्षिण हरियाणा के अहीरवाल क्षेत्र से आने वाले वरिष्ठ नेता और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री राव नरेंद्र सिंह को नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। वहीं, दो बार के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को राज्य विधानसभा में विधायक दल के नेता के तौर पर जिम्मेदारी दी गई है। कांग्रेस ने सोमवार को इसकी घोषणा की। कांग्रेस ने लंबे समय बाद यादव समुदाय से किसी नेता को प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। 80 के दशक में राव निहाल सिंह के बाद यह पहला मौका है जब कांग्रेस ने यादव समाज के नेता को यह जिम्मेदारी सौंपी है। राव नरेंद्र सिंह विधायक और फिर मंत्री रह चुके हैं और अहीरवाल क्षेत्र में उनका मजबूत आधार माना जाता है।