रामजीलाल सुमन को पुलिस ने किया हाउस अरेस्ट, सपा के कई एमपी-एमएलए और समर्थकों की भीड़

आगरा। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश के आगरा में समाजवादी पार्टी के नेता और राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन को पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया है। सपा नेता और उनके प्रतिनिधिमंडल के गिजौली गांव में जाने को लेकर मामला गरम हो गया है। एटा और इटावा के सांसद भी सुमन के आवास पर पहुंच गए, जिससे पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर समर्थकों को रोका है।
आगरा में संजय प्लेस स्थित एचआईजी फ्लैट निवासी सपा नेता रामजीलाल सुमन के घर के बाहर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था मुस्तैद है। वह गिजौली गांव जाने वाले थे। इस सूचना पर उनके घर पर पुलिस पहुंच गई। सपा सांसद को हाउस अरेस्ट कर दिया। डीसीपी पश्चिम जोन अतुल शर्मा ने सख्त चेतावनी दी है।
सपा नेता के आवास के रास्ते पर बैरिकेडिंग लगा दी गई है। इसकी जानकारी मिलते ही तमाम समर्थकों की भीड़ उनके आवास पर जुटना शुरू हो गई। वहां पर एटा सांसद देवेश शाक्य, इटावा सांसद जितेंद्र दोहरे और जसराना विधायक सचिन यादव पहुंच गए हैं। इसके साथ ही समर्थकों की भीड़ भी है।
क्या है विवाद?
गौरतलब है कि आगरा के खंदौली थाना के गिजौली गांव में 2 पक्षों के बीच विवाद की घटना के बाद मारपीट हुई। वारदात के बाद से तनाव की स्थिति बनी हुई है। इसमें दोनों पक्षों के बीच पंचायत में राजीनामा हो चुका है। और साथ ही इस मामले में दोनों पक्ष भी कानूनी कार्रवाई से संतुष्ट हैं। पुलिस सतर्क है।