हरियाणा के बुजुर्गों को दिवाली तोहफा : अब हर महीने मिलेगी 3200 रुपये पेंशन

नई दिल्ली।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। हरियाणा के लाखों बुजुर्गों को दिवाली से पहले ही बड़ा तोहफा मिल गया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुढापा पेंशन का पैसा बढ़ाने की घोषणा कर दी है। अब बुजुर्गों को हर महीने 3000 रुपये के बजाय 3200 रुपये मिलेंगे। बढ़ी हुई पेंशन का पैसा पेंशनधारकों के खाते में 1 नवंबर, 2025 से आना शुरू हो जाएगा।
यही नहीं हरियाणा सरकार ने पेंशन में बढ़ोतरी जनवरी, 2025 से की है। इसका मतलब यह हुआ कि बढ़ी हुई पेंशन के 3200 रुपये तो मिलेंगे ही, साथ में नवंबर में खाते में जनवरी से अक्टूबर के बढ़े हुए पैसे यानी 2000 रुपये और आएंगे। इसका मतलब हुआ कि बुजुर्गों के खाते में नवंबर महीने में 5200 रुपये आ सकते हैं। हरियाणा में बीजेपी की सरकार को आज 17 अक्टूबर को एक साल पूरे हो गए हैं। इससे पहले ही राज्य सरकार ने बड़ा तोहफा दिया है।
बुढ़ापा पेंशन में अब मिलेगा कितना पैसा
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मंत्रिमंडल के इस फैसले को दोहराया। उन्होंने बताया कि राज्य में बुजुर्गों को सम्मान देते हुए बुढ़ापा सम्मान पेंशन योजना में बढ़ोतरी कर दी गई है। पहले इस पेंशन योजना के तहत 3000 रुपये मिलते थे। लेकिन अब इसमें 200 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है। नवंबर से हर महीने 3200 रुपये मिलेंगे।
किन्हें मिलेगी बुढ़ापा पेंशन
बुढ़ापा पेंशन लेने के लिए व्यक्ति का हरियाणा का नागरिक होना जरूरी है। इसके अलावा उनकी उम्र 60 साल या उससे ज्यादा होना चाहिए। साथ ही पति-पत्नी की कुल सालाना आय 3 लाख रुपये से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। अगर कोई सरकारी नौकरी से रिटायर हुआ है या फिर उनका पीएफ खाता है तो उन्हें इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा।
बुढ़ापा पेंशन का फॉर्म कैसे भरें
बुढ़ापा पेंशन का फॉर्म भरने के लिए इच्छुक व्यक्ति सामाजिक न्याय विभाग के ऑफिस जाकर आवेदन फॉर्म हासिल कर सकता है। इसे अच्छे से भरकर, फोटो लगाकर और सारे जरूरी कागज साथ में अटैच करके आवेदन फॉर्म को वापस वहीं ऑफिस में जमा करा देना है।